AAP सांसद मलविंदर कंग की मांग: शीतकालीन सत्र में SIR एक्ट जैसे राष्ट्रीय मुद्दों पर तुरंत हो चर्चा

चंडीगढ़, 1 दिसंबर : आम आदमी पार्टी (AAP) के श्री आनंदपुर साहिब से सांसद मलविंदर सिंह कंग ने संसद के चल रहे शीतकालीन सत्र के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि इस सत्र में राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर तत्काल चर्चा आवश्यक है।
मीडिया से बातचीत में उन्होंने स्पेशल इंटेंसिव रिवीज़न (SIR) एक्ट को एक बड़ा राष्ट्रीय मुद्दा बताया और कहा कि इसके कारण प्रमुख संवैधानिक संस्थाओं पर जनता का विश्वास लगातार कम हो रहा है। उन्होंने ज़ोर दिया कि इस सत्र में इस एक्ट पर विस्तृत और पारदर्शी चर्चा होनी चाहिए, क्योंकि यह देश के लोकतांत्रिक ढांचे से जुड़ा संवेदनशील मसला है।
AAP सांसद कंग ने कहा कि चुनाव आयोग की विश्वसनीयता पर उठ रहे सवाल बेहद गंभीर हैं। इसलिए ज़रूरी है कि पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए और लोकतांत्रिक सिस्टम पर किसी प्रकार का प्रभाव न पड़े।
उन्होंने कहा कि विपक्ष इस मुद्दे को प्रभावी ढंग से उठाने के लिए तैयार है और देश की संस्थाओं की साख बचाने के लिए सार्थक बहस ज़रूरी है।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू के हालिया बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कंग ने स्पष्ट किया कि संसद चलाने की प्राथमिक जिम्मेदारी सत्ता पक्ष की होती है। उन्होंने कहा कि मानसून सत्र के दौरान सत्ताधारी पार्टी की निष्क्रियता के कारण कई महत्वपूर्ण विधायी कार्य अधूरे रह गए थे।
उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार सरकार गंभीरता दिखाएगी और संवैधानिक संस्थाओं की सुरक्षा व मजबूती के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।






