पंजाब

महान शहीद ऊधम सिंह के ‘शहीदी दिवस’ पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की ओर से 107 करोड़ रुपए से अधिक के विकास प्रोजेक्ट सुनाम को समर्पित

सुनाम ऊधम सिंह वाला, 31 जुलाई,2026*

 

महान क्रांतिकारी शहीद ऊधम सिंह के शहीदी दिवस पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज उनके जन्मस्थान सुनाम को 107 करोड़ रुपए से अधिक के विकास प्रोजेक्ट समर्पित किए। इन प्रोजेक्ट्स में संत अतर सिंह महाराज आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट, ट्रॉमा सेंटर, दवाओं का वेयरहाउस और ब्लड बैंक शामिल हैं। इस मौके पर राज्य स्तरीय शहीदी समारोह के दौरान उन्होंने महान स्वतंत्रता संग्रामी को श्रद्धा के फूल अर्पित किए।

 

इस अवसर पर सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीदों के सपनों का पंजाब और भारत बनाने के लिए साझे प्रयासों की जरूरत है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार को समाप्त करते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वास्थ्य देखभाल और रोजगार उपलब्ध करवाना ही देश के स्वतंत्रता संग्रामियों को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने यह भी दावा किया कि आम आदमी पार्टी की सरकार शहीदों के सपनों को पूरा करने के लिए जमीनी स्तर पर काम कर रही है। उन्होंने लोगों को चुनावों से पहले पंजाब की सामुदायिक एकता को बिगाड़ने की कोशिशों से सावधान किया।

 

प्रोजेक्ट्स के उद्घाटन और नींव पत्थर रखने के बाद सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा, “आज एक बड़ा दिन है क्योंकि शहीद ऊधम सिंह जी के शहीदी दिवस को समर्पित राज्य स्तरीय समारोह करवाया जा रहा है। पंजाब सरकार ने सुनाम की इस पवित्र धरती का चयन किया है, जहां शहीद ऊधम सिंह जी का जन्म हुआ था। बचपन से ही मैं अपने पिता जी के साथ इस धरती पर आता रहा हूं।”

 

मुख्यमंत्री ने साझा किया, “जब मैं 1993 में पहली बार इंग्लैंड गया था तो मैं विशेष रूप से कैक्स्टन हॉल गया था, जहां शहीद ऊधम सिंह जी ने 21 वर्षों के इंतजार के बाद ओ’डवायर को गोली मारी थी।”

 

स्वतंत्रता संग्रामियों के आदर्शों के प्रति अपनी सरकार की प्रतिबद्धता का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “आप सरकार देश के आजादी संग्राम के शहीदों और नायकों के सपनों को साकार करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। आजादी के लगभग 80 वर्षों बाद भी देश महान राष्ट्रीय नेताओं के सपनों को पूरा नहीं कर सका है। हालांकि, पद संभालने के पहले ही दिन से हमारी सरकार उनके सपनों को पूरा करने के लिए तेजी से काम कर रही है।”

 

राज्य सरकार की प्रमुख पहलकदमियों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “हमारी सरकार ने लोगों की सुविधा के लिए सुखाली रजिस्ट्री का ऐतिहासिक कदम उठाया है। युवाओं को पूरी तरह योग्यता के आधार पर 68,000 से अधिक नौकरियां दी गई हैं। पंजाब के 90 प्रतिशत घरों को मुफ्त बिजली मिल रही है। पूरे राज्य में लगभग 43,000 किलोमीटर सड़कों का निर्माण किया जा रहा है।”

 

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “पंजाब सरकार ने दिन के समय किसानों को बिजली दी है और पंजाब में 14,000 किलोमीटर लंबी पाइपें बिछाई हैं, जो दिल्ली और कनाडा के वैंकूवर के बीच की दूरी के बराबर है। हम इन पाइपों के माध्यम से खेतों को 21,000 क्यूसिक पानी की सप्लाई कर रहे हैं, जिससे नहरों से सिंचाई में वृद्धि हुई है।”

 

मुख्यमंत्री ने बताया, “नहरों और नदियों में रीचार्ज पॉइंट बनाए गए हैं ताकि पानी का स्तर सुधर सके। नतीजतन पानी का स्तर दो से चार मीटर तक बढ़ गया है। मेरे प्रयासों का एकमात्र मकसद यह सुनिश्चित करना है कि हर कोई खुश रहे और इसीलिए मैं समाज के हर वर्ग की भलाई के लिए दिन-रात काम कर रहा हूं।”

 

शिक्षा के बारे में बोलते हुए उन्होंने कहा, “जब हमने 2022 में पद संभाला था तो पंजाब शिक्षा के क्षेत्र में 27वें नंबर पर था। आज, भारत सरकार के शिक्षा सर्वेक्षण के अनुसार पंजाब शिक्षा क्षेत्र में सबसे आगे है। आज सरकारी स्कूलों के 882 छात्रों ने नीट परीक्षा पास की है।” उन्होंने आगे कहा, “यह मुफ्त की रेवड़ियां नहीं बल्कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा है जो आम आदमी को गरीबी से निकालकर उसकी तकदीर बदल सकती है।”

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button