अमरीका ने खामेनेई का घर मलबे में बदला, ईरान ने पहली बार जारी किया वीडियो, 35 सेकंड की फुटेज में दिखी बर्बादी

ईरान ने पहली बार देश के सर्वोच्च नेता सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के तेहरान स्थित घर के अंदर मची तबाही का वीडियो जारी किया है। वीडियो को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि इजरायल और अमरीका ने पूरी ताकत के साथ खामेनेई के घर को निशाना बनाया और तय किया कि किसी भी तरह वह बचकर न निकल पाएं। अमरीका-इजरायल ने एक साथ 35 मिसाइलें गिराई थीं। वीडियो 35 सेकेंड का है। गौरतलब है कि 28 फरवरी को अमरीका और इजरायल ने ईरान पर भीषण हमला बोला था। मिसाइलों ने सर्वोच्च नेता के घर को भी निशाना बनाया।
इस हमले में 86 वर्षीय अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत हो गई। हमले में खामेनेई के साथ साथ उनकी पत्नी और उनके बेटी दामाद और पोती की भी मौत हो गई।
अमरीका मुर्दाबाद के नारों के साथ खामेनेई सुपुर्द-ए-खाक
ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई का अंतिम संस्कार गुरुवार को उनके गृह नगर मशहद में संपन्न हो गया। उन्हें इमाम रजा दरगाह परिसर में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। इसके साथ ही छह दिनों तक चले राजकीय शोक और अंतिम संस्कार कार्यक्रम का समापन हो गया, जिसमें ईरान और इराक के विभिन्न शहरों से लाखों लोगों ने हिस्सा लिया। उनकी अंतिम यात्रा में उनके बेटे अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए। अंतिम यात्रा के दौरान अमरीका मुर्दाबाद और इजरायल मुर्दाबाद जैसे नारे लगाए गए तथा कई लोगों ने खामेनेई को शहीद बताते हुए उनके नेतृत्व को श्रद्धांजलि दी।






