Trending Newsआज की ख़बरहरियाणा

Hayana News : हरियाणा सरकार हर मुद्दे पर चर्चा को तैयार, CM सैनी ने विपक्ष से सार्थक बहस की अपील की

Hayana News : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि राज्य सरकार विधानसभा में हर विषय और हर बिंदु पर चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की ओर से बिंदुवार जवाब दिए जाएंगे, बशर्ते संवैधानिक मर्यादाओं का पालन किया जाए।

मुख्यमंत्री बुधवार को हरियाणा विधानसभा में बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विपक्ष सदन का समय बढ़ाने की मांग कर रहा है, लेकिन इस विषय पर कमेटी की बैठक में पहले ही निर्णय लिया जा चुका है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि संविधान के अनुसार मानसून सत्र के बाद दूसरा सत्र छह महीने बाद होना अनिवार्य नहीं है। इसके बावजूद सरकार ने 26 फरवरी से पहले ही शीतकालीन सत्र बुलाकर अपनी प्रतिबद्धता साबित की है।

 

कांग्रेस सरकारों में कम सत्र, BJP ने बदली परंपरा

मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि अगर विधानसभा सत्रों के इतिहास को देखा जाए तो कांग्रेस सरकारों के दौरान कम सत्र बुलाए गए।
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इस परंपरा को बदला। वर्ष 2014 में 4 दिन का सत्र आयोजित किया गया,वर्ष 2024 में मौजूदा सरकार ने 5 दिन का सत्र आयोजित किया, उन्होंने कहा कि विधानसभा सत्र हमेशा बिजनेस के हिसाब से चलता है और पिछला सत्र भी बेहतर रहा।

 

विपक्ष वॉकआउट करता है, चर्चा नहीं करता

मुख्यमंत्री ने विपक्ष से अपील की कि वे जनहित के मुद्दों पर सार्थक चर्चा करें। उन्होंने कहा कि जब सरकार सही बातें रखती है तो विपक्ष वॉकआउट कर जाता है, जबकि लोकतंत्र में संवाद सबसे जरूरी है। उन्होंने कहा कि लगातार चुनावी हार के कारण कांग्रेस में निराशा है, जो उनके व्यवहार में दिखाई देती है।

पिछले सत्र में एक दिन बर्बाद

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले सत्र में भी विपक्ष ने एक पूरा दिन बर्बाद कर दिया, जिससे विधायकों के प्रश्न तक पूरे नहीं हो पाए। अविश्वास प्रस्ताव पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा—

“उम्र भर भूल यही करता रहा,
धूल चेहरे पर जमी थी, आईना साफ करता रहा।”

जांच एजेंसियों के दुरुपयोग के आरोप बेबुनियाद

जांच एजेंसियों के दुरुपयोग के आरोपों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस झूठ और मनगढ़ंत मुद्दों के जरिए भ्रम फैलाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि यह भी प्रचार किया गया कि अगर नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बने तो संविधान खतरे में पड़ जाएगा, जबकि ऐसा कुछ नहीं हुआ। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब तक नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री हैं, बाबा साहेब के संविधान को कोई खतरा नहीं हो सकता।

पंजाब सरकार पर निशाना

मुख्यमंत्री ने पंजाब की मौजूदा और पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि वे केवल मलाई चाटने में लगी रही हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब में महिलाओं, युवाओं और खिलाड़ियों की स्थिति चिंताजनक है।

इसके विपरीत हरियाणा में खेल नीति के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 से पहले और वर्तमान समय में मिलने वाले मेडलों की संख्या इसका स्पष्ट प्रमाण है। सरकार ने खेल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने का काम किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button