ट्रेन में पकड़ी गई चरस की खेप! अंबाला में हिमाचल का तस्कर गिरफ्तार

अंबाला कैंट : हिमाचल से दिल्ली तक ट्रेन के रास्ते नशे की सप्लाई करने वाले नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। जीआरपी की सीआईए टीम ने अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए हिमाचल के कुल्लू निवासी मोहन सिंह को 1 किलो 152 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है।
ट्रेन के ज़रिए चल रही थी नशे की सप्लाई
सीआईए इंस्पेक्टर सत्यप्रकाश ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ट्रेन से उतरकर प्लेटफार्म नंबर 2-3 (सहारनपुर साइड) पर बैठा है और उसके पास भारी मात्रा में नशा है। टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और संदिग्ध की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से 1 किलो 152 ग्राम चरस बरामद हुई।
हिमाचल से लाया था माल, दिल्ली में होनी थी सप्लाई
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी यह चरस हिमाचल के कुल्लू से लेकर आया था, जिसे वह दिल्ली में आगे सप्लाई करने वाला था।
जीआरपी ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
अब रिमांड पर होगा बड़ा खुलासा
सीआईए इंस्पेक्टर सत्यप्रकाश ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस नशा तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है।
उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों के जरिए नशा तस्करी करने वालों पर अब कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
“आरोपी के पास से एक किलो से ज़्यादा चरस बरामद की गई है। वह हिमाचल से लेकर आया था और दिल्ली में सप्लाई देनी थी। रिमांड पर लेकर इसके नेटवर्क का पूरा खुलासा किया जाएगा।”सत्यप्रकाश, इंस्पेक्टर (GRP CIA)






