PM मोदी ने तोड़ा इंदिरा गांधी का रिकॉर्ड, लगातार 12वीं बार लाल किले पर फहराया तिरंगा

नई दिल्ली: 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर PM नरेंद्र मोदी ने एक नया इतिहास रच दिया है। उन्होंने लगातार 12वीं बार लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित कर पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का रिकॉर्ड तोड़ दिया। अब मोदी इस मामले में केवल जवाहरलाल नेहरू से पीछे रह गए हैं, जिन्होंने लगातार 17 बार स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से भाषण दिया था।
इंदिरा गांधी का रिकॉर्ड टूटा, लेकिन जवाहरलाल नेहरू सबसे आगे
इंदिरा गांधी ने जनवरी 1966 से मार्च 1977 और फिर जनवरी 1980 से अक्टूबर 1984 तक PM के रूप में देश को 16 बार स्वतंत्रता दिवस पर संबोधित किया था, जिनमें 11 संबोधन लगातार थे। 1984 में उनकी हत्या के बाद यह सिलसिला टूटा।

जवाहरलाल नेहरू, जो भारत के पहले PM थे, ने 1947 से 1963 तक लगातार 17 बार लाल किले से राष्ट्र को संबोधित किया था, जो अब तक का सबसे लंबा रिकॉर्ड है।
अन्य प्रधानमंत्रियों के संबोधन का इतिहास
-
लाल बहादुर शास्त्री: 1964 और 1965 में दो बार
-
मोरारजी देसाई: दो बार
-
चौधरी चरण सिंह: एक बार
-
राजीव गांधी: पांच बार
-
वीपी सिंह: एक बार
-
पीवी नरसिम्हा राव: लगातार चार बार
-
एचडी देवगौड़ा और इंदर कुमार गुजराल: एक-एक बार
-
अटल बिहारी वाजपेयी: छह बार
-
मनमोहन सिंह: लगातार 10 बार
PM मोदी ने तोड़ा मनमोहन सिंह का रिकॉर्ड
पिछले साल, 2023 में, PM मोदी ने मनमोहन सिंह के लगातार 10 वर्षों के रिकॉर्ड को तोड़ते हुए 11वीं बार लाल किले से राष्ट्र को संबोधित किया था। साथ ही उन्होंने अब तक का सबसे लंबा 98 मिनट का भाषण दिया था।
15 अगस्त के संबोधन में प्रमुख मुद्दे
PM मोदी के 15 अगस्त के भाषण हमेशा देश के अहम विषयों पर केंद्रित होते हैं। वे अपनी सरकार की उपलब्धियों, नई नीतियों और योजनाओं की घोषणा करते हैं। 2024 के संबोधन में उन्होंने धर्मनिरपेक्ष समान नागरिक संहिता की वकालत की और एक साथ चुनाव कराने का समर्थन किया।






