पंजाबी हास्य कलाकार जसविंदर भल्ला का निधन: हंसी की दुनिया का चमकता सितारा बुझा, 23 अगस्त को होगा अंतिम संस्कार

jaswinder bhalla : पंजाबी सिनेमा और हास्य जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। विश्व प्रसिद्ध हास्य कलाकार और अभिनेता जसविंदर भल्ला का आज सुबह निधन हो गया। वह 65 वर्ष के थे और मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था, जहाँ उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से पूरी पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री और उनके लाखों प्रशंसकों के बीच शोक की लहर फैल गई है।
हास्य को मिली नई ऊँचाई
जसविंदर भल्ला सिर्फ एक कॉमेडियन नहीं, बल्कि एक ऐसा नाम थे
जिन्होंने हास्य को एक पहचान दी। अपनी गहरी कॉमिक टाइमिंग, समाज पर आधारित व्यंग्य और ज़िंदादिल अभिनय से उन्होंने न सिर्फ पंजाब बल्कि दुनिया भर के दर्शकों के दिलों में जगह बनाई।
उनकी प्रमुख फिल्मों में ‘कैरी ऑन जट्टा’, ‘गड्डी चलती है छलांगा मार के’, ‘बैंड बाजे’, ‘मौजा ही मौजा’, और ‘पावर कट’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में शामिल हैं। उनके संवाद आज भी लोगों की ज़ुबान पर हैं और उनके किरदार दर्शकों को आजीवन याद रहेंगे।
अंतिम संस्कार 23 अगस्त को
परिवार की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, जसविंदर भल्ला का अंतिम संस्कार 23 अगस्त को दोपहर 12 बजे मोहाली के बलौंगी स्थित श्मशान घाट पर किया जाएगा। उनके अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटने की उम्मीद है। पंजाब भर से कलाकार, राजनेता और प्रशंसक उन्हें अंतिम विदाई देने के लिए पहुंचेंगे।






