होशियारपुर में भीषण LPG टैंकर ब्लास्ट, 100 से अधिक लोग झुलसे

होशियारपुर, पंजाब | 23 अगस्त 2025 : पंजाब के होशियारपुर ज़िले में आज सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ, जब मंडियाला गांव के पास एलपीजी से भरे एक टैंकर में भयंकर विस्फोट हो गया। इस हादसे में अब तक 100 से अधिक लोग झुलस कर घायल हो चुके हैं। दर्जनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
कैसे हुआ हादसा?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 10:30 बजे एक एलपीजी टैंकर सड़क पर यूटर्न ले रहा था, तभी एक तेज रफ्तार वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर के बाद टैंकर पलट गया और तुरंत जोरदार धमाके के साथ फट गया। टैंकर से निकली गैस ने पूरे गांव को अपनी चपेट में ले लिया और पास ही के एक घर में लगी आग ने गैस को भड़का दिया, जिससे पूरा गांव देखते ही देखते आग के गोले में बदल गया।

घायल लोग अस्पताल में भर्ती
ब्लास्ट की चपेट में आए राहगीरों और ग्रामीणों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कई पीड़ितों को गंभीर हालत में जालंधर और चंडीगढ़ रेफर किया गया है। डॉक्टरों की टीम पूरी मुस्तैदी के साथ इलाज में जुटी हुई है।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। ट्रैफिक को तुरंत रोक दिया गया और गांव के घरों से लोगों को बाहर निकालने का कार्य शुरू कर दिया गया। फायर ब्रिगेड की 6 से अधिक गाड़ियाँ आग बुझाने में जुटी हैं।






