रेलवे स्टेशन से अपहरण, राजपुरा में दुष्कर्म, बिहार भागने से पहले गिरफ्तारी- जानें पूरा मामला

अंबाला, 1 अक्टूबर 2025 : हरियाणा की गवर्नमेंट रेलवे पुलिस (जीआरपी), अंबाला छावनी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि यदि पुलिस ठान ले तो अपराधी कहीं छिप नहीं सकता। महज 12 घंटे के भीतर नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार कर न केवल पीड़िता को न्याय की दिशा में पहला कदम दिलाया गया, बल्कि समाज में सुरक्षा की भावना भी प्रबल की गई।
कैसे हुआ अपराध, कैसे हुई कार्रवाई
इस दिल दहला देने वाले मामले की शुरुआत पंजाब के राजपुरा स्टेशन से हुई, जहाँ बिहार लौट रहे एक परिवार से आरोपी राजकुमार (निवासी बिहार) ने दोस्ताना व्यवहार कर भरोसा जीता। पेशे से राजमिस्त्री यह व्यक्ति पीड़िता के पिता को टिकट के बहाने बाहर ले जाकर शराब पिलाकर नशे में छोड़ आया और फिर “लंबी लाइन” का बहाना बनाकर नाबालिग लड़की को अपने साथ ले गया।
राजपुरा में ले जाकर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया। जब पिता को होश आया और बेटी गायब मिली, तो उन्होंने तत्काल जीआरपी अंबाला छावनी में शिकायत दी।
चुनौती भरा ऑपरेशन, लेकिन हार नहीं मानी पुलिस
बड़ी चुनौती यह थी कि परिवार के पास बच्ची की कोई तस्वीर नहीं थी, जिससे जांच प्रारंभ करना मुश्किल था। लेकिन इंस्पेक्टर हरीश बुधिराज और उनकी टीम ने संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी शुरू की और अगले ही दिन सुबह-सुबह आरोपी को अंबाला रेलवे स्टेशन पर पहचानकर धरदबोचा, जब वह बिहार भागने की फिराक में था।
पूछताछ में राजकुमार ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पीड़िता को भी सकुशल बरामद कर लिया गया और अंबाला कैंट सिविल अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया। साथ ही, बच्ची की काउंसलिंग भी शुरू कर दी गई है ताकि उसे मानसिक रूप से सशक्त किया जा सके।
तेज़ कानूनी कार्रवाई, संवेदनशीलता के साथ
पुलिस अधीक्षक (रेलवे) नीतिका गहलोत के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम बनाई गई, जिसने पूरे मामले को गंभीरता और संवेदनशीलता से संभाला। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
एसपी गहलोत ने इस त्वरित कार्रवाई के लिए इंस्पेक्टर बुधिराज व उनकी टीम को बधाई दी और इसी प्रतिबद्धता से कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
समाज में संदेश: सुरक्षा सर्वोपरि
जीआरपी की इस त्वरित कार्रवाई की जनता और सामाजिक संगठनों ने जमकर सराहना की है। यह न केवल एक अपराधी की गिरफ्तारी है, बल्कि एक मजबूत संदेश भी है — “अपराध चाहे जितना भी घिनौना हो, कानून से बच नहीं सकता।”
पुलिस ने इस अवसर पर जनता से अपील भी की है:
🔹 बच्चों को भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अकेला न छोड़ें।
🔹 अजनबियों से अत्यधिक मेलजोल से बचें।
🔹 किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।






