Delhi Blast News: लाल किले के पास बड़ा धमाका, 8 की मौत — गृह मंत्री अमित शाह पहुंचे LNJP अस्पताल

Delhi Blast News: राजधानी दिल्ली में शनिवार शाम लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास सुभाष मार्ग ट्रैफिक सिग्नल पर बड़ा धमाका हुआ। विस्फोट हुंडई i20 कार में हुआ, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई। इस भीषण ब्लास्ट में अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 25 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को तुरंत लोक नायक जयप्रकाश (LNJP) अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के तुरंत बाद फायर ब्रिगेड, दिल्ली पुलिस, NSG और NIA की टीमें मौके पर पहुंच गईं। पूरे क्षेत्र को घेर लिया गया है और जांच जारी है।
गृह मंत्री अमित शाह ने कही बड़ी बात
विस्फोट की जानकारी मिलते ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने तत्काल स्थिति की समीक्षा की और LNJP अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। अमित शाह ने बताया- आज शाम करीब 7 बजे लाल किले के पास सुभाष मार्ग ट्रैफिक सिग्नल पर एक कार में विस्फोट हुआ। इस विस्फोट में कुछ पैदल यात्री घायल हुए और कुछ वाहन क्षतिग्रस्त हुए। प्रारंभिक रिपोर्टों से संकेत मिला है कि कुछ लोगों की जान गई है। 10 मिनट के भीतर दिल्ली क्राइम ब्रांच और स्पेशल ब्रांच की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं। NSG और NIA की टीमों ने FSL के साथ जांच शुरू कर दी है। सभी CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
गृह मंत्री ने कहा कि “हम सभी संभावनाओं पर विचार कर रहे हैं और जांच के बाद जल्द सच्चाई जनता के सामने लाएंगे।”
हरियाणा, यूपी, बिहार और चंडीगढ़ में हाई अलर्ट
दिल्ली ब्लास्ट के बाद पड़ोसी राज्यों में भी हाई अलर्ट घोषित किया गया है।
-
हरियाणा पुलिस ने इंटर-स्टेट बॉर्डर, मॉल, होटल, पार्किंग, और सार्वजनिक स्थलों की सघन चेकिंग शुरू कर दी है।
-
यूपी पुलिस को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सतर्क रहने और हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं।
-
बिहार और चंडीगढ़ में भी सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत 112 पर दें।
जांच में क्या सामने आया?
सूत्रों के अनुसार, विस्फोट शाम 6:52 बजे हुआ, जब गाड़ी ट्रैफिक सिग्नल पर रुकी थी। FSL और NIA की प्रारंभिक जांच से पता चला है कि विस्फोट अत्यधिक शक्तिशाली था, और जांच दल यह पता लगाने में जुटा है कि क्या इसमें RDX या IED का इस्तेमाल हुआ।
स्थिति नियंत्रण में, पर जांच जारी
दिल्ली पुलिस कमिश्नर और गृह मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पूरे दिल्ली-एनसीआर में CISF और CRPF बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है।






