हरियाणा की हर पंचायत में बनेगा पंचायत घर: सरकार ने जारी किए 125 करोड़ रुपए
चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने प्रदेश के ग्रामीण विकास को एक नई दिशा देते हुए बड़ा कदम उठाया है। अब प्रदेश की हर पंचायत को जल्द ही अपना नया पंचायत घर मिलेगा। इस योजना के तहत केंद्र सरकार ने 125 करोड़ रुपए की राशि जारी कर दी है, जिससे प्रदेश की 509 पंचायतों में जल्द ही पंचायत घरों का निर्माण शुरू होगा।
तीन महीने में पूरा होगा निर्माण कार्य
पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने बताया कि हर पंचायत को 25 लाख रुपए की सहायता दी जाएगी। इसमें से 21 लाख रुपए भवन निर्माण के लिए और 4 लाख रुपए फर्नीचर व अन्य सुविधाओं के लिए होंगे। हरियाणा सरकार ने इस निर्माण कार्य को 3 महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य तय किया है।
पैसा सीधे सरपंच के खाते में
पंचायत विभाग इस योजना के तहत राशि सीधे सरपंचों के खातों में ट्रांसफर करेगा, ताकि समय पर कार्य शुरू हो सके और भ्रष्टाचार की गुंजाइश कम हो।
जर्जर भवनों की होगी मरम्मत या पुनर्निर्माण
मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि जिन गांवों में पहले से पंचायत भवन हैं, लेकिन उनकी हालत खराब है, उन पर भी ध्यान दिया जाएगा। पहले ऐसे भवनों की पहचान के लिए सर्वे कराया जाएगा। जरूरत पड़ी तो इनकी मरम्मत की जाएगी या नए भवन बनाए जाएंगे।
अगला चरण: 1000 और पंचायत भवन
पहले चरण में 509 पंचायतों में भवन बनने के बाद, सरकार ने अगले चरण में 1000 और पंचायत भवनों के निर्माण की योजना बनाई है।






