पंजाब के CM भगवंत मान को अस्पताल से छुट्टी, बाढ़ राहत को लेकर बुलाई हाईलेवल मीटिंग

मोहाली, 11 सितंबर 2025 – पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को छह दिन अस्पताल में भर्ती रहने के बाद गुरुवार दोपहर मोहाली स्थित फोर्टिस अस्पताल से छुट्टी मिल गई। दोपहर 4:35 बजे वह अस्पताल से बाहर निकले और बाहर खड़े समर्थकों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। इसके बाद वे सीधे चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास रवाना हो गए।
सीएम भगवंत मान की तबीयत में अब सुधार, बाढ़ राहत कार्यों पर फिर सक्रिय
सीएम मान को 5 सितंबर की शाम धड़कन धीमी होने और कमजोरी की शिकायत के चलते फोर्टिस अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। इससे पहले 3 सितंबर की रात उनकी तबीयत बिगड़ गई थी, जब उन्होंने फिरोजपुर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया था। इलाज के दौरान उन्होंने अस्पताल से ही कई जरूरी बैठकों में हिस्सा लिया और राहत कार्यों की निगरानी की।
कल होगी हाईलेवल मीटिंग, सभी जिलों के DC होंगे शामिल
सीएम भगवंत मान ने अब फिर से सक्रिय होते हुए 12 सितंबर को एक हाईलेवल मीटिंग बुलाई है, जिसमें बाढ़ राहत कार्यों की समीक्षा की जाएगी। यह बैठक चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर होगी, जिसमें सभी विभागों के सचिव (Secretaries) शामिल होंगे। इसके अलावा सभी जिलों के डिप्टी कमिश्नर (DC) वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक में जुड़ेंगे।
पीएम मोदी के दौरे में नहीं हो सके शामिल, राज्यपाल ने ली सेहत की जानकारी
9 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंजाब दौरे में सीएम मान स्वास्थ्य कारणों के चलते शामिल नहीं हो पाए। इस पर पीएम मोदी ने राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से सीएम मान की सेहत के बारे में जानकारी ली। इसके बाद राज्यपाल खुद अस्पताल पहुंचकर भगवंत मान से मुलाकात की थी।
वीडियो कॉल पर की मददगारों से बातचीत, बाढ़ राहत के लिए जताया आभार
10 सितंबर को सीएम मान ने पंजाबी सिंगर मनकीरत औलख और हंसपाल ट्रेडर्स के मालिक प्रीतपाल सिंह हंसपाल से वीडियो कॉल पर बात की। इन दोनों ने बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए 150 से अधिक नावों के जरिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया था। मुख्यमंत्री ने इस मानवता भरे कार्य के लिए उन्हें धन्यवाद दिया।
आम आदमी पार्टी के नेताओं ने की मुलाकात
भगवंत मान के स्वास्थ्य की जानकारी लेने के लिए कई राजनेता अस्पताल पहुंचे, जिनमें हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी, दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया, और पंजाब के अन्य मंत्री शामिल रहे। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल भी 4 सितंबर को चंडीगढ़ सीएम आवास पर पहुंचे थे।






