एक महिला से शादी करने वाले दो भाई, बोले – ‘गाली मत दो, हमने परंपरा निभाई है’

हिमाचल प्रदेश के सिरमौल जिले के शिलाई क्षेत्र से दो भाइयों प्रदीप नेगी और कपिल नेगी की एक अनोखी शादी ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। दोनों भाइयों ने एक ही महिला, कून्हट गांव की सुनीता चौहान से शादी की है। इस शादी को लेकर जहां कुछ लोग आलोचना कर रहे हैं, वहीं कई लोग इसे स्थानीय संस्कृति और परंपरा का हिस्सा मान रहे हैं।
दोनों भाइयों ने फेसबुक पर एक वीडियो जारी कर अपनी शादी का बचाव किया और लोगों से अपील की कि वे उनकी परंपरा का सम्मान करें और गाली-गलौज न करें। उन्होंने बताया कि यह शादी उनकी समुदाय की प्राचीन ‘जोड़ीदार प्रथा‘ का हिस्सा है, जो सिर्फ उनके यहां ही नहीं, बल्कि उत्तराखंड के जौनसार-बावर क्षेत्र में भी प्रचलित है।
https://www.facebook.com/61578910014689/videos/1848491122407268
प्रदीप नेगी ने वीडियो में कहा, “हमने यह शादी पूरी सहमति से की है। यह हमारी परंपरा है, हमारी संस्कृति है और हमें इस पर गर्व है। हम किसी की नकारात्मक बातों से प्रभावित नहीं होते।” उनके भाई कपिल ने भी बताया कि यह शादी जबरदस्ती नहीं बल्कि स्वेच्छा से हुई है और उनके परिवार ने पूरी तरह से इसका समर्थन किया है।
इस शादी की खास वजह है जमीन को बांटने से बचाना। पहाड़ी इलाकों में खेती योग्य भूमि की सीमितता के कारण इस प्रथा को अपनाया जाता है। इस व्यवस्था में सबसे बड़े भाई को बच्चों का कानूनी पिता माना जाता है, जिससे परिवार की संपत्ति एकसाथ बनी रहती है।
दोनों भाइयों ने साफ किया कि उनकी शादी का मकसद सिर्फ एक साथ रहना और एक-दूसरे से प्यार करना है। प्रदीप ने कहा, “हम सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने के लिए शादी नहीं कर रहे थे। हमारी जिंदगी और हमारी परंपरा को समझने की कोशिश करें।”
यह शादी 12 जुलाई से तीन दिन तक चली और स्थानीय समुदाय में इसे परंपरागत रीति-रिवाजों के अनुसार पूरा किया गया।
सोशल मीडिया पर मिली प्रतिक्रियाएं
जहां कुछ लोग इस शादी को लेकर आश्चर्य और विरोध जता रहे हैं, वहीं कई लोगों ने इसे सामाजिक और सांस्कृतिक संदर्भ में समझने की बात कही है। विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसी परंपराएं समुदाय के सामाजिक और आर्थिक ढांचे को मजबूत बनाने में मदद करती हैं।






