होंडा ने उत्तर भारत में बेच डाले एक करोड़ से अधिक दुपहिया वाहन

गुरुग्राम। होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया (एचएमएसआई) ने उत्तर भारत में एक करोड़ दुपहिया वाहनों की बिक्री की उपलब्धि हासिल कर ली है। कंपनी की प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि वित्त वर्ष 2025-26 में उसकी कुल बिक्री में उत्तर भारत का योगदान लगभग 15 प्रतिशत रहा। उत्तर भारत में वह दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को शामिल करती है। उसने कहा है कि यह क्षेत्र उसकी विकास यात्रा में लगातार रणनीतिक भूमिका निभा रहा है।
विज्ञप्ति के अनुसार, वित्त वर्ष के दौरान 110 सीसी की श्रेणी में उत्तर भारत में बिकने वाले लगभग तीन-चौथाई स्कूटर एचएमएसआई के थे। साथ ही 125 सीसी की मोटरसाइकिल श्रेणी में भी क्षेत्र में उसकी बाजार हिस्सेदारी मजबूत है। उत्तर भारत में कंपनी के ग्राहक सेवा केंद्रों की संख्या एक हजार के पार पहुंच गई है।
होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया के बिक्री एवं विपणन निदेशक मुत्सु उसूई ने कहा, “उत्तर भारत में एक करोड़ की उपलब्धि यह दर्शाती है कि दुपहिया वाहन इस क्षेत्र में, विशेष रूप से बड़े शहरी केंद्रों से परे, रोजमर्रा के परिवहन का कितना महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुके हैं। हमारा ध्यान समय के साथ निरंतर पहुंच और विश्वसनीयता बढ़ाने पर रहा है। जैसे-जैसे ग्राहकों की अपेक्षाएं बदल रही हैं, हम इसे आगे भी जारी रखेंगे।”
कंपनी ने बताया कि भविष्य में वह उत्तर भारत में अपनी उपस्थिति और मजबूत करने के लिए अपने बिगविंग प्रीमियम नेटवर्क का विस्तार करेगी। साथ ही मिड-साइज़ और उच्च क्षमता वाली मोटरसाइकिलों के पोर्टफोलियो को और सशक्त बनाएगी।






