अकाली दल को बड़ा झटका: तरनतारन के वरिष्ठ नेता हरमीत सिंह संधू ने ‘आप’ का थामा दामन
चंडीगढ़, 15 जुलाई — पंजाब की राजनीति में जोरदार हलचल मची है। माझा क्षेत्र के वरिष्ठ अकाली नेता और तीन बार तरनतारन से विधायक रहे हरमीत सिंह संधू ने शिरोमणि अकाली दल छोड़कर आम आदमी पार्टी (AAP) का हिस्सा बनने का बड़ा फैसला लिया है। अपने दर्जनों समर्थकों के साथ AAP में शामिल होने वाले संधू का कदम भाजपा और अकाली दल दोनों के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
2002 में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में पहली बार चुनाव जीतने वाले संधू ने 2007 और 2012 में अकाली दल के टिकट पर लगातार जीत दर्ज की। हालांकि, 2017 और 2022 के चुनावों में वे दूसरे स्थान पर रहे। लगभग 30 वर्षों से पंजाब की राजनीति में सक्रिय रहने वाले संधू का माझा क्षेत्र में गहरा प्रभाव रहा है।
चंडीगढ़ में आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री भगवंत मान ने संधू का जोरदार स्वागत किया। मुख्यमंत्री मान ने कहा, “हरमीत संधू जैसे अनुभवी नेताओं का पार्टी में आना हमारी पार्टी को मजबूती देगा। अरविंद केजरीवाल ने भी पारंपरिक पार्टियों के अच्छे नेताओं को आम आदमी पार्टी में लाने की बात कही थी, जो अब साकार हो रही है।”
हरमीत संधू ने कहा कि AAP की साफ नीति और सच्ची नीयत ने उन्हें पार्टी में शामिल होने के लिए प्रेरित किया है। उन्होंने मान सरकार के विकास कार्यों और विधानसभा में बेअदबी के खिलाफ कड़े कानून लाने के फैसले की भी प्रशंसा की।






