जयपुर में CNG टैंकर में आग से भीषण हादसा: 50 लोग झुलसे, 35 गाड़ियां राख, 4 की मौत
जयपुर, 20 दिसंबर:शुक्रवार सुबह जयपुर-अजमेर हाईवे पर भांकरोटा के नजदीक सीएनजी गैस (CNG Gas ) से भरे एक टैंकर में आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में 50 से अधिक लोग झुलस गए, जबकि 4 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। आग ने हाईवे पर खड़ी 35 गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया और पास के पेट्रोल पंप को भी नुकसान पहुंचाया।
आग से मची तबाही:
हादसा डीपीएस स्कूल के पास हुआ। सुबह के समय CNG टैंकर में अचानक आग लग गई, जिसके बाद तेज धमाका हुआ। धमाके से आसपास की इमारतों और गाड़ियों में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भीषण थी कि हाईवे को तत्काल बंद करना पड़ा। इसके चलते इलाके में लंबा ट्रैफिक जाम लग गया।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी:
घटनास्थल पर पुलिस और दमकल की कई टीमें पहुंचीं। आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन आग की तीव्रता और CNG गैस लीक होने की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कतें आ रही हैं। झुलसे हुए लोगों को तत्काल सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
मुख्यमंत्री ने लिया जायजा:
मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया और तुरंत एसएमएस अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की। उन्होंने डॉक्टरों को घायलों के इलाज में कोई कसर न छोड़ने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
प्रारंभिक जांच के निष्कर्ष:
पुलिस और प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती रिपोर्ट्स के अनुसार, सीएनजी टैंकर(CNG Tanker ) में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई थी। टैंकर से गैस लीक हो रही थी, जिसके चलते आग लगी। प्रशासन ने हाईवे पर सीएनजी और खतरनाक सामग्री ले जाने वाले वाहनों की सुरक्षा जांच के आदेश दिए हैं।
इलाके में दहशत का माहौल:
हादसे के बाद आसपास के इलाके में डर और दहशत का माहौल है। प्रशासन ने इलाके को सील कर दिया है और लोगों से वहां जाने से बचने की अपील की है।






