रिश्वत लेती धरी महिला सब-इंस्पेक्टर, विजिलेंस ब्यूरो ने रंगे हाथ पकड़ी, जमानत के लिए मांगे थे पैसे

पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान जालंधर ग्रामीण के थाना फिल्लौर में तैनात सब इंस्पेक्टर अमनदीप कौर को 20,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह जानकारी साझा करते हुए राज्य विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया, कि उक्त आरोपी को मोहल्ला चौधरियां, फिल्लौर, जिला जालंधर के एक निवासी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है, कि उसके पुत्र को एक नशीले पदार्थों के मामले में गिरफ्तार किया गया था और आरोपी एसआई ने जमानत दिलाने में मदद करने, कम मात्रा में नशीले पदार्थ दिखाकर मामला दर्ज करने तथा उसका मोबाइल फोन वापस करने के लिए 20,000 रुपए रिश्वत की मांग की थी। मजबूरीवश शिकायतकर्ता ने पहले ही 1,000 रुपए रिश्वत के तौर पर दे दिए थे।
शिकायतकर्ता ने रिश्वत मांगने से संबंधित पूरी बातचीत भी रिकॉर्ड कर ली थी। वहीं रिश्वत देने के लिए तैयार न होने के कारण शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ब्यूरो रेंज जालंधर से संपर्क किया। उसकी शिकायत पर कार्रवाई करते हुए विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में आरोपी एसआई को शिकायतकर्ता से 20,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से दागी मुद्रा नोट भी बरामद किए गए। आरोपी के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो थाना जालंधर में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।






