मोहाली में चाकू से हमला कर बदमाशों ने छीनी कार, जंगल से बरामद, एक गिरफ्तार- Punjab News
न्यू चंडीगढ़ के हाई-प्रोफाइल एरिया में स्थित क्रिकेट स्टेडियम के पास एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है, जहां दो बदमाशों ने चाकू की नोक पर एक युवक से कार लूट ली।
मोहाली, 12 अगस्त 2025: न्यू चंडीगढ़ के हाई-प्रोफाइल एरिया में स्थित क्रिकेट स्टेडियम के पास एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है, जहां दो बदमाशों ने चाकू की नोक पर एक युवक से कार लूट ली। घटना के कुछ ही घंटों बाद पुलिस ने एक आरोपी को धर दबोचा और लूटी गई कार जंगल से बरामद कर ली।
टॉयलेट के लिए रुका युवक, बदमाशों ने किया हमला
घटना 7 अगस्त शाम करीब 7 बजे की है। मलोया, चंडीगढ़ निवासी सत्यम अपनी आल्टो कार में सीएनजी भरवाने के बाद स्टेडियम रोड पर टॉयलेट के लिए रुका था। तभी अचानक काले रंग की बाइक पर सवार दो बदमाश वहां पहुंचे और कार की चाबी छीनने लगे। विरोध करने पर बदमाशों ने सत्यम पर चाकुओं से हमला कर दिया और कार लेकर फरार हो गए।

एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की और मियांपुर चंगर निवासी गुरिंदर सिंह उर्फ काला को गिरफ्तार कर लिया। फरार आरोपी की पहचान खिजराबाद निवासी सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा के रूप में हुई है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
जंगल में छिपाई गई थी कार
गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ में सामने आया कि वारदात के बाद बदमाशों ने कार को जंगल में छिपा दिया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। जांच में यह भी सामने आया कि बदमाश जिस बाइक पर सवार थे, उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थी।
पुराने अपराधी, NDP एक्ट में पहले से केस दर्ज
एसपी मोहित अग्रवाल के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से ही थाना माजरी में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज हैं। पुलिस को शक है कि ये किसी ऑर्गनाइज्ड व्हीकल थेफ्ट गैंग का हिस्सा हो सकते हैं।






