‘हिमालय की वेदना’ सर्वश्रेष्ठ हिमालयन फिल्म

मंडी के संस्कृति सदन कांगणीधार में देवभूमि इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का रविवार को समापन हो गया। समापन समारोह में उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस अवसर पर नगर निगम मंडी की मेयर सुमन ठाकुर और नगर निगम आयुक्त रोहित राठौर विशिष्ट अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे। देवभूमि इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में निर्देशक रवि दीप की फिल्म ‘व्हेन सोल्स मीट’ को सर्वश्रेष्ठ क्षेत्रीय फीचर फिल्म के प्रतिष्ठित पुरस्कार से नवाजा गया। ऋत्विक जायसवाल द्वारा निर्देशित ‘ब्रिज टू यूटोपिया’ ने क्रिटिक्स च्वाइस में सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का खिताब जीता। अभिनय और निर्देशन के क्षेत्र में फिल्म ‘मसंद’ का दबदबा रहा, जिसमें शानदार अभिनय के लिए रब्बी कंदोला को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता (फीचर फिल्म) चुना गया। इसी फिल्म के लिए संजय शांति गुप्ता को बेस्ट फीचर फिल्म डायरेक्टर का पुरस्कार मिला,
जबकि विक्रांत सिद्धू के निर्देशन में बनी ‘मसंद’ को ओवरऑल सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म घोषित किया गया। लेखन के क्षेत्र में विद्यासागर अध्यापक को फिल्म ‘सुधागढ़’ के लिए बेस्ट राइटर का अवॉर्ड दिया गया, जबकि विशेष जूरी पुरस्कार श्रेणी में नम्रता सिन्हा द्वारा निर्मित फिल्म ‘सकाल तर होऊ द्या’ को चुना गया। डॉक्यूमेंट्री सेक्शन में क्षितिज शर्मा निर्देशित ‘आना-जाना’ ने सर्वश्रेष्ठ डॉक्यूमेंट्री फिल्म (जूरी मेंशन) का खिताब जीता, जबकि देवेंद्र शिवाजी जाधव निर्देशित ‘प्योर वॉटर फॉर एवरी हाउस’ को बेस्ट एन्वायरनमेंटल डॉक्यूमेंट्री चुना गया। शॉर्ट फिल्म और अन्य श्रेणियों में भी कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जिसमें अजय सूरी निर्देशित द डिवाइन मदर को सर्वश्रेष्ठ डॉक्यूमेंट्री (शॉर्ट फिल्म) और संजय मैथ्यू को रेड – द कलर ऑफ साइलेंस के लिए बेस्ट डायरेक्टर (शॉर्ट फिल्म) का सम्मान मिला। वीना महाजन अभिनीत फिल्म ‘खरा मोदक’ को सर्वश्रेष्ठ महिला फिल्म निर्माता का पुरस्कार दिया गया।
अभिनय वर्ग में द फॉरबिडन कार्ड के लिए तन्मय दीप सिंह को जूरी मेंशन और जोकर के लिए माहिन वैद्य को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार मिला। इसी तरह रवीश मृगेंद्र की ‘हिमालय की वेदना’ को सर्वश्रेष्ठ हिमालयन फिल्म, यश मानसिंह की हिकी को मोरी को सर्वश्रेष्ठ शॉर्ट फिल्म जूरी मेंशन और मार्शल मनकोटिया हेमंत शर्मा की यस यू को बेस्ट सोशल इम्पैक्ट शॉर्ट फिल्म चुना गया। इस भव्य आयोजन को धरातल पर उतारने में राजा ठाकुर, राजा सिंह मल्होत्रा, हरिओम, घनश्याम कबीर और सिने तत्व जैसी प्रमुख हस्तियों ने प्रायोजक के रूप में अपना अहम सहयोग दिया। इस तीन दिवसीय उत्सव में हिंदी और क्षेत्रीय सिनेमा की कुल 25 बेहतरीन शॉर्ट फिल्मों, डॉक्यूमेंट्रीज और फीचर फिल्मों को प्रदर्शित किया गया। प्रतिभाओं को मुख्यातिथि द्वारा ट्रॉफी तथा सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया।






