Haryana को 2,000 करोड़ की बड़ी सौगात: PM मोदी ने की नई परियोजनाओं का उद्घाटन

Haryana को 2,000 करोड़ की बड़ी सौगात: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज हरियाणा को सीधे लाभान्वित करने वाली दो प्रमुख विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया, जिनकी कुल लागत लगभग 2,000 करोड़ रुपये है। ये परियोजनाएं सोनीपत और बहादुरगढ़ के बीच 4-लेन संपर्क मार्गों के निर्माण से जुड़ी हैं, जो एनसीआर क्षेत्र की कनेक्टिविटी को नई उड़ान देंगी।
साथ ही, पीएम मोदी ने दिल्ली और हरियाणा को जोड़ने वाली छह राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का शुभारंभ भी किया, जिनकी कुल लागत लगभग 11,000 करोड़ रुपये है। इनमें से दो परियोजनाएं हरियाणा को सीधे लाभ पहुंचाएंगी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का बयान
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा,
“यह दिन हरियाणा और एनसीआर क्षेत्र के विकास की गाथा में स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज होगा। ये परियोजनाएं प्रदेश के औद्योगिक और कृषि केंद्र के रूप में विकास को नई दिशा देंगी।”
उन्होंने बताया कि इन परियोजनाओं से कुंडली, सोनीपत, बहादुरगढ़, गुरुग्राम और मानेसर से दिल्ली एयरपोर्ट तक बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे निवेश, निर्यात-आयात को गति के साथ-साथ ट्रैफिक जाम की समस्या भी कम होगी।

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश का आधारभूत विकास
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत अब दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और तीसरी सबसे बड़ी बनने की ओर तेजी से बढ़ रहा है।
“देशभर में मेट्रो, फ्रेट कॉरिडोर, एक्सप्रेसवे, पुल, बंदरगाह और एयरवेज के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हो रहा है। भारतमाला, सागरमाला और पीएम गतिशक्ति जैसी योजनाएं देश के आधारभूत ढांचे को आधुनिक, संगठित और प्रभावी बना रही हैं।”
हरियाणा को मिली अन्य प्रमुख परियोजनाओं की सौगात
नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा को वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर, रेल कोच रिपेयर फैक्ट्री, कुण्डली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे, गुरुग्राम-सिकंदरपुर और फरीदाबाद-बल्लभगढ़ मेट्रो लिंक, रोहतक में पहला एलिवेटेड रेलवे ट्रैक, एम्स झज्जर और रेवाड़ी में एम्स जैसी कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं मिली हैं।
हाल ही में रिठाला से कुंडली तक मेट्रो कॉरिडोर की भी शुरुआत हुई है, जो प्रदेश में निवेश, रोजगार और औद्योगिक विकास को और तेजी देगा।
समारोह में उपस्थित गणमान्य
इस अवसर पर केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और अन्य गणमान्य भी उपस्थित थे।






