हरियाणा में जल्द निकलेगी पुलिस भर्ती: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बोले – “युवा मेहनत करें

कुरुक्षेत्र, 30 जुलाई – हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश में जल्द ही पुलिस विभाग की भर्ती की घोषणा करते हुए सभी युवाओं से मेहनत करने का आह्वान किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार योग्यता के आधार पर बिना खर्ची-पर्ची के नौकरियां प्रदान कर रही है और इसी कड़ी में पुलिस भर्ती भी निकाली जाएगी।
कुरुक्षेत्र जिले के विभिन्न गांवों के दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के माध्यम से हाल ही में सीईटी ग्रुप-सी की परीक्षा आयोजित करवाई गई थी, जिसमें साढ़े 13 लाख से अधिक युवाओं ने आवेदन किया। पहली बार किसी परीक्षा में 90 फीसदी से ज्यादा युवाओं ने भाग लिया, जो प्रदेश में पारदर्शिता और योग्यता आधारित भर्ती का प्रमाण है।

उन्होंने बताया कि पहले की सरकारों में नौकरियों के लिए परिवार को किसी विधायक या मंत्री से संपर्क करना पड़ता था, लेकिन अब ऐसा नहीं है। हरियाणा सरकार ने इस महीने करीब साढ़े 7 हजार युवाओं की भर्ती के परिणाम घोषित किए हैं और जल्द ही नव चयनित युवाओं व उनके परिवारों के साथ चर्चा भी की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि प्रदेश के गरीब परिवारों के बच्चे बिना किसी खर्च के एचसीएस और एचपीएस पदों पर भर्ती हो रहे हैं, जबकि 58 युवाओं को आईएएस बनने का अवसर मिला है।
कांग्रेस नेता वोट के बदले नौकरियां बांटते थे
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता वोट के बदले नौकरियां बांटते थे, जिसके कारण उनका प्रदेश और देश में जनाधार खत्म हो चुका है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है और वे केवल दुष्प्रचार कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि हरियाणा विधानसभा चुनाव से पहले 25 हजार युवाओं के भर्ती परिणाम तैयार थे, लेकिन विपक्ष ने चुनाव आयोग और कोर्ट का सहारा लेकर परिणाम घोषित करने पर रोक लगवा दी। इसके बावजूद सरकार ने युवाओं का भरोसा निभाते हुए उनकी ज्वाइनिंग पहले कराई और शपथ बाद में दिलाई।
मुख्यमंत्री ने कहा, “हम युवाओं के विश्वास को और मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं।”






