देश विदेश
भारत का ‘ऑपरेशन अमिस्ताद’ शुरू, 35 टन राहत सामग्री भेजी

नई दिल्ली
भारत ने भूकंप प्रभावित वेनेजुएला की मदद के लिए ‘ऑपरेशन अमिस्ताद’ शुरू किया है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बताया कि भारतीय वायुसेना के दो सी-17 विमान भारतीय सेना की फील्ड हॉस्पिटल यूनिट और 35 टन से ज्यादा राहत सामग्री लेकर वेनेजुएला के लिए रवाना हो गए। उन्होंने कहा कि भारत इस कठिन समय में वेनेजुएला के साथ खड़ा है और राहत एवं बचाव कार्यों में हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।
भारतीय सेना के 60 पैरा फील्ड हॉस्पिटल की मेडिकल टुकड़ी शुक्रवार दोपहर हिंडन एयरफोर्स स्टेशन से भारतीय वायुसेना के दो विमानों के जरिए वेनेजुएला के लिए रवाना हुई। 41 सदस्यीय इस मेडिकल दल में 9 चिकित्सा अधिकारी शामिल हैं। टीम भूकंप प्रभावित लोगों को आपातकालीन चिकित्सा सेवा, ट्रॉमा मैनेजमेंट, जीवनरक्षक सर्जरी और अन्य जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएगी।






