अनिल विज ने बताया राजनीति का असली मतलब, सेवा को बताया राजनीति का सच्चा माध्यम

चंडीगढ़, 09 सितंबर: हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने स्पष्ट कहा है कि राजनीति सेवा का माध्यम है और इसे सुख-सुविधाएं भोगने के लिए नहीं अपनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए सेवा कोई नया क्षेत्र नहीं है, बल्कि पार्टी में शामिल होने के बाद ही सेवा का संस्कार दिया जाता है।
राजनीति में सेवा का महत्व पर जोर
मंत्री अनिल विज ने पंचकूला में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा, “जिस प्रकार बच्चे के जन्म पर दाई गुडती देती है, उसी प्रकार भाजपा में प्रवेश करते ही सेवा के लिए तैयार किया जाता है।” उन्होंने यह भी बताया कि राजनीति का मकसद केवल सत्ता हासिल करना नहीं बल्कि जनता की सेवा करना है।
प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर सघन सेवा प्रकल्प
मंत्री अनिल विज ने बताया कि आगामी 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 75वां जन्मदिन मनाया जाएगा। 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक महात्मा गांधी जी के जन्मदिन तक सघन सेवा प्रकल्प चलाए जाएंगे। इस दौरान पार्टी के कार्यकर्ता रक्तदान शिविर, पौधारोपण, शिक्षा संबंधी प्रकल्प जैसे कई सेवा कार्य करेंगे।
75 की संख्या को रखा गया सेवा का मानक
मंत्री अनिल विज ने कहा, “जैसे जन्मदिन के केक पर मोमबत्ती लगाई जाती है, वैसे ही प्रधानमंत्री जी के 75वें जन्मदिन के अवसर पर 75 की इकाई को ध्यान में रखते हुए सेवा कार्य किए जाएंगे।” उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी न केवल भारत के प्रधानमंत्री हैं, बल्कि विश्व में एक ब्रांड बन चुके हैं, इसलिए उनके जन्मदिन को खास तरीके से मनाना आवश्यक है।






