अमृतसर में AAP की ऐतिहासिक जीत, जंडियाला गुरु के 15 वार्डों में से 13 में आम आदमी पार्टी ने दर्ज की जीत

अमृतसर
पंजाब के कैबिनेट मंत्री और जंडियाला गुरु के विधायक सरदार हरभजन सिंह ईटीओ ने जंडियाला गुरु नगर परिषद चुनावों में आम आदमी पार्टी की ऐतिहासिक जीत पर लोगों का आभार व्यक्त किया और कहा कि जंडियाला गुरु की जनता ने विकास की राजनीति पर अपनी मुहर लगा दी है। उन्होंने कहा कि जंडियाला गुरु नगर परिषद की 15 में से 13 सीटों पर आम आदमी पार्टी की शानदार जीत इस बात का प्रमाण है कि लोगों ने पिछले चार वर्षों में पंजाब के मेहनती मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में हुए ऐतिहासिक विकास कार्यों पर अपनी मोहर लगाई है।
इस रिकॉर्डतोड़ जीत पर खुशी जाहिर करते हुए सरदार हरभजन सिंह ईटीओ ने कहा, कि यह सिर्फ चुनावी जीत नहीं, बल्कि विकास, ईमानदारी और बदलाव की राजनीति पर जनता की मुहर है।
रमदास के 11 में से दस वार्डों पर शानदार जीत
नगर पंचायत चुनावों की मतगणना के दौरान धन-धन ब्रह्म ज्ञानी बाबा बुड्ढा साहिब जी की चरण छोह प्राप्त धरती रमदास की 11 वार्डों में से 10 वार्डों पर आम आदमी पार्टी ने शानदार जीत प्राप्त कर इतिहास रच दिया है। उल्लेखनीय है कि 11 वार्डों पर हुए इस चुनाव में आम आदमी पार्टी के 10 उम्मीदवारों ने जीत प्राप्त की और एक पर शिरोमणि अकाली दल का उम्मीदवार जीता। इस मौके पर हलका विधायक और आम आदमी पार्टी के मुख्य बुलारे कुलदीप सिंह धालीवाल ने अपने समर्थकों के साथ खुशी जाहिर करते हुए अजनाला के बाजार में एक गाड़ी पर सवार होकर लोगों का धन्यवाद किया और इस जीत की बधाई आम आदमी पार्टी की समूची लीडरशिप और रमदास के वोटरों को दी।
समर्थकों ने लड्डू खिलाकर एक-दूसरे का मुंह मीठा करवाया। इसके उपरांत विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने अपने समर्थकों और जीते हुए 10 उम्मीदवारों के साथ रमदास की धरती पर धन-धन ब्रह्म ज्ञानी बाबा बुड्ढा साहिब जी की समाधि पर नतमस्तक होकर गुरु साहिब का शुकराना किया और भविष्य में भी इसी तरह की जीतें दर्ज करवाने का बल बख्शने की अरदास की।






