
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की बहन अलीमा खान ने आरोप लगाया है कि उनके भाई को एकांत कारावास में रखकर अमानवीय व्यवहार किया जा रहा है और उन्हें पर्याप्त चिकित्सीय सुविधा नहीं दी जा रही। अलीमा खान द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि इमरान खान को 16 अक्टूबर 2025 से एकांत कारावास में रखा गया है। उन्होंने 2025 में केवल दो बार और फरवरी 2026 में एक बार, वह भी सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद, अपने बेटों से बात की थी। बयान के अनुसार, उन्हें पढ़ने के लिए किताबें भी उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं और जो किताबें भेजी गईं, उनमें से केवल तीन ही उन्हें मिल पाईं।
उन्होंने आरोप लगाया कि पूरी तरह स्वस्थ इमरान खान की आंख में अचानक खून का थक्का (क्लॉट) बन गया, लेकिन उन्हें समय पर चिकित्सा सहायता नहीं दी गई। दो सप्ताह तक उन्होंने जेल प्रशासन को बताया कि उन्हें दिखाई नहीं दे रहा, इसके बावजूद इलाज में देरी की गई। आरोप है कि अडियाला जेल के अधीक्षक गफूर अंजुम ने विशेषज्ञ डॉक्टर को बुलाने में तीन महीने की देरी की, जिसके कारण आंख को स्थायी नुकसान पहुंचा। परिवार ने आशंका जताई है कि दूसरी आंख में भी ऐसी समस्या हो सकती है।






