सरबजीत सिंह समाना मोहाली के मेयर, राजिंदर प्रसाद सीनियर डिप्टी मेयर-हरपाल सिंह चन्ना डिप्टी मेयर निर्वाचित

नगर निगम मोहाली के मंगलवार को हुए मेयर चुनाव में सरबजीत सिंह समाना मेयर, राजिंदर प्रसाद सीनियर डिप्टी मेयर तथा हरपाल सिंह चन्ना डिप्टी मेयर निर्वाचित हुए। चुनाव प्रक्रिया से पूर्व नगर निगम मोहाली के सभी 50 नवनिर्वाचित पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण समारोह एवं चुनाव प्रक्रिया रूपनगर मंडल के आयुक्त मनवेश सिंह सिद्धू की निगरानी में सम्पन्न हुई। उन्होंने कन्वीनर की भूमिका निभाईए जबकि पार्षद गुरमुख सिंह सोहल ने प्रिजाइडिंग ऑफिसर के रूप में चुनाव कार्रवाई का संचालन किया। पंजाब के कैबिनेट मंत्री एवं आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ाए जिन्हें पार्टी हाईकमान द्वारा मोहाली मेयर चुनाव की पार्टी स्तर पर निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि नई टीम मोहाली के विकास को और गति देने तथा नागरिक सेवाओं को और मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेगी। मीडिया से बातचीत करते हुए अमन अरोड़ा ने कहा कि मोहाली को एक मॉडल शहर के रूप में विकसित किया जाएगा तथा विकास कार्यों को और तेज गति देकर इसे सपनों के शहर के रूप में स्थापित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि शहरी पंजाब के लोगों ने पहले ही मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में जनहितैषी नीतियों और सुशासन का समर्थन करते हुए आम आदमी पार्टी को मजबूत जनादेश दिया है। चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और सुचारु रूप से सम्पन्न कराने के लिए सभी पार्षदों का धन्यवाद करते हुए अमन अरोड़ा ने कहा कि वे उन 35 पार्षदों के आभारी हैं जिन्होंने आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों का समर्थन किया। इनमें पार्टी के 27 पार्षदों के साथ-साथ मोहाली के विधायक कुलवंत सिंह भी शामिल थे। उन्होंने कहा कि आज की कार्रवाई ने पार्टी की एकजुटता और मोहाली के निवासियों की सेवा के प्रति उसकी सामूहिक प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया है। इस अवसर पर आम आदमी पार्टी की जिला अध्यक्ष प्रभजोत कौर आदि उपस्थित थे।






