जालंधर में हेरोइन सहित तस्कर दबोचा, अमीर बनने के चक्कर में बना स्मगलर

जालंधर ग्रामीण पुलिस ने नशा तस्करी और समाज विरोधी तत्त्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक और बड़ी सफलता हासिल की है। जालंधर ग्रामीण के सीआईए स्टाफ ने एक नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 102 ग्राम हेरोइन बरामद की है। जालंधर ग्रामीण पुलिस के एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि उनके दिशा-निर्देशों के अनुसार पुलिस कप्तान (जांच) विनीत अहलावत तथा पुलिस उपकप्तान (जांच) लखविंदर सिंह की निगरानी में सीआईए स्टाफ की टीम ने एक नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 102 ग्राम हेरोइन बरामद की। एसएसपी ने बताया कि 14 जुलाई, 2026 को सीआईए स्टाफ की टीम, जिसकी अगवाई बलविंदर सिंह कर रहे थे, थाना मकसूदां क्षेत्र में गश्त और वाहनों की जांच कर रही थी। इस दौरान अड्डा बिधीपुर के पास एक बाइक सवार गलत दिशा से आता दिखाई दिया।
पुलिस नाका देखकर वह घबरा गया और वापस मुडऩे की कोशिश करने लगा, लेकिन उसकी बाइक बंद हो गई। संदेह होने पर पुलिस पार्टी ने उसे काबू कर उसकी तलाशी ली। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दलविंदर सिंह निवासी गांव डोगरावाल, थाना सुभानपुर, जिला कपूरथला के रूप में हुई, जिसके पास से 102 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है, जो आरोपी ने अपने बाइक की टूलकिट में छिपाकर रखी थी। इस संबंध में थाना मकसूदां, जिला जालंधर ग्रामीण में एफआईआर नंबर 111 दिनांक 14-07-2026 के तहत धारा 21(बी), 61 एवं 85 एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर आरोपी को कानून के अनुसार गिरफ्तार कर लिया है।






