तुम मैच खेलो, हम प्राइवेट जेट भेज देंगे, मार्क वुड का खुलासा

इंग्लैंड की टीम के दिग्गज तेज गेंदबाज मार्क वुड ने आईपीएल को लेकर एक बड़ा दावा किया है। आईपीएल की एक ऐसी इनसाइड स्टोरी मार्क वुड ने बताई है, जिसे जानकर हर कोई हैरान है। मार्क वुड ने बताया है कि एक बार वह आईपीएल में बहुत तेज बुखार से पीडि़त थे। ऐसे में टीम के मालिक ने उनको ऑफर दिया है कि वह प्राइवेट जेट से ट्रेवल कर सकते हैं। इसका खर्चा टीम के मालिक उठाएंगे। शर्त यह होगी कि उन्हें आईपीएल का मैच खेलना होगा। मार्क वुड ने बताया कि एक बार आईपीएल गेम से पहले उन्हें तेज बुखार हो गया था, लेकिन उनकी फ्रेंचाइजी के मालिक ने उन्हें खेलने के लिए एक शानदार ऑफर दिया था। वुड ने बिना कोई नाम बताए कहा मैच तक पहुंचने में मदद करने के लिए एक प्राइवेट प्लेन वह भेज सकते हैं। यहां तक कि मैच के ठीक बाद उन्हें दूसरे प्राइवेट प्लेन से वापस भी भेजा जा सकता है, ताकि उनकी रिकवरी आसान हो सके। यहां तक कि आईपीएल की टीम के मालिक ने उनकी बीमारी के दौरान कई डॉक्टर भी रखे थे।
मार्क वुड ने बताया, लगभग पांच गेम के बाद मेरी तबीयत ठीक नहीं थी और अगला गेम लगभग तीन दिन बाद था। हर आधे घंटे में, डॉक्टर रुकते थे, मेरे कमरे में आते थे, मेरे वाइटल्स चैक करते थे। मुझे याद है एक दिन मालिक ने मुझे फोन किया, कैसा लग रहा है? जाने के लिए तैयार हो? मैंने कहा, सच कहूं तो, मैंने कुछ खाया-पिया नहीं है, मैं अभी भी बिस्तर से नहीं उठ पा रहा हूं। उन्होंने कहा, हम आपके लिए दूसरा डॉक्टर बुलाएंगे, हम यह-वह करेंगे। मार्क वुड ने दूसरे दिन की बात बताई, जब टीम के मालिक ने प्राइवेट प्लेन का ऑफर दिया। वुड ने बताया, अगले दिन, मालिक ने फिर पूछा, तुम कैसा महसूस कर रहे हो? मैंने कहा, सच कहूं तो, मैं अभी भी ठीक नहीं हूं। फिर उन्होंने कहा, मैं एक प्राइवेट प्लेन भेजूंगा, तुम प्लेन में बैठो, गेम खेलो। फिर मैं प्लेन से सीधे वापस आऊंगा और तुम्हें तुम्हारे बिस्तर पर वापस पहुंचा दूंगा।






