दिल्ली में बदलेंगे धरना-प्रदर्शन के नियम, अब नहीं चलेगी मनमानी, दिल्ली पुलिस ने तैयार किया एसओपी का नया ड्राफ्ट

नई दिल्ली
दिल्ली के रामलीला मैदान में अब धरना-प्रदर्शन, रैली और जनसभा करना पहले के मुकाबले ज्यादा नियमों के दायरे में आ सकता है। दिल्ली पुलिस ने इन आयोजनों को व्यवस्थित करने के लिए नई मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का ड्राफ्ट तैयार किया है। इसके तहत मैदान में एक कार्यक्रम में अधिकतम 50 हजार लोगों को ही जुटने की अनुमति देने का प्रस्ताव है। साथ ही, प्रदर्शन और जनसभाएं सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक ही आयोजित की जा सकेंगी। बता दें कि रामलीला मैदान में बीते एक नवंबर को विपक्ष की बड़ी रैली का आयोजन हुआ था।
ड्राफ्ट के मुताबिक, रामलीला मैदान में किसी भी कार्यक्रम में 50 हजार से ज्यादा लोग शामिल नहीं हो सकेंगे। हालांकि, हर आयोजन में वास्तव में कितने लोगों को अनुमति दी जाएगी, इसका फैसला संबंधित सक्षम अधिकारी करेंगे। इसके लिए कार्यक्रम की प्रकृति, उसमें जुटने वाली संभावित भीड़ और सुरक्षा के इंतजामों को ध्यान में रखा जाएगा। नए प्रस्तावित नियमों के तहत आयोजकों को कार्यक्रम की तारीख से कम से कम 10 दिन पहले अनुमति के लिए आवेदन करना होगा। इससे पहले उन्हें नगर निगम से यह प्रमाण पत्र लेना होगा कि आयोजन के लिए रामलीला मैदान उपलब्ध है। इसके बाद ही पुलिस से कार्यक्रम की अनुमति मांगी जा सकेगी।






