देश विदेश

भारत के ‘सर्वशक्ति’ ने पार किया होर्मुज, अमरीकी नाकाबंदी के बीच 45 हजार टन LPG लेकर पहुंच रहा सुपर टैंकर

नई दिल्ली

देशभर में एलपीजी सिलेंडर की दिक्कत के बीच एक बड़ी राहत की खबर है। कम से कम 45 हजार टन एलपीजी लेकर भारत का एक सुपर टैंकर ‘सर्वशक्ति’ होर्मुज को पार कर गया है, जो कि जल्द ही भारत पहुंच सकता है। बता दें कि अमरीका की नाकेबंदी और ईरान की सख्ती के बीच यह बड़ी सफलता है कि भारत से जुड़ा टैंकर इस रास्ते को पार करके आगे बढ़ गया है। जानकारी के मुताबिक कड़ी सुरक्षा के साथ यह टैंकर भारत के पोर्ट पर पहुंचेगा। इसका चालक दल भी भारतीय ही है।

रिपोर्ट के मुताबिक यह कार्गो शिप भारतीय कंपनियों को गैस उपलब्ध करवाने वाला है। हालांकि इस मामले में आईओसी ने कोई जवाब नहीं दिया है। इससे पहले देश का गरिमा नाम का टैंकर तेल लेकर मुंबई पोर्ट पर पहुंचा था। बता दें कि इस्लामाबाद में वार्ता फेल होने के बाद अमरीका ने होर्मुज के आसपास नाकेबंदी कर दी थी। इसके बाद सैकड़ों जहाज होर्मुज के आसपास ही रुके हुए हैं।

अमरीका ने चेताया, ईरान को शुल्क पर झेलना होगा प्रतिबंध

ईरान से तनाव के बीच अमरीका ने जहाजरानी कंपनियों से कहा है कि वे अगर होर्मुज से गुजरने के लिए ईरान को किसी तरह का शुल्क देंगी, तो उन्हें प्रतिबंधों का सामना करना पड़ जाएगा।

होर्मुज जलडमरूमध्य पर नियंत्रण को लेकर अमरीका और ईरान के मध्य जारी टकराव के बीच अमरीकी विदेशी संपत्ति नियंत्रण कार्यालय (ओएफएसी) द्वारा दी गई चेतावनी ने दबाव और बढ़ा दिया है। आम तौर पर शांति के समय दुनिया के तेल और प्राकृतिक गैस के व्यापार का लगभग पांचवां हिस्सा होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर गुजरता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button