पाकिस्तान ने फिर उगला जहर, मुनीर की नई धमकी, भारत को कड़ा और दर्दनाक जवाब देंगे

पाकिस्तान के चीफ ऑफ डिफेंस फोर्सेज (सीडीएफ) फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने रविवार को भारत के साथ पिछले साल हुए संघर्ष को दो विचारधाराओं के बीच की लड़ाई करार दिया। मुनीर ने रावलपिंडी में पाकिस्तानी सेना के मुख्यालय में ‘मारका-ए-हक’ की पहली सालगिरह पर आयोजित एक समारोह को संबोधित करते हुए दावा किया कि संघर्ष के दौरान पाकिस्तान की रणनीति भारत की रणनीति से श्रेष्ठ थी। असिम मुनीर ने कहा कि हमारे दुश्मनों को यह जान लेना चाहिए कि अगर भविष्य में पाकिस्तान के खिलाफ किसी भी तरह की हिमाकत की गई, तो इस बार युद्ध के नतीजे सीमित नहीं होंगे, बल्कि बेहद व्यापक, खतरनाक, दूरगामी और दर्दनाक होंगे।
हम आतंकवाद के खिलाफ यह जंग बड़े ही सब्र और बहादुरी के साथ लड़ रहे हैं। इंशाअल्लाह, पाकिस्तानी सरकार जल्द ही आतंकवाद के खिलाफ जारी इस जंग को कामयाबी के साथ खत्म करेगी। इस दौरान मुनीर ने दावा किया कि संघर्ष के दौरान पाकिस्तान ने 26 ठिकानों पर हमले किए थे। हालांकि, उन्होंने अपने दावों के समर्थन में कोई सबूत पेश नहीं किया। पाकिस्तानी सेना के प्रमुख ने दावा किया कि भारत ने अमरीका के माध्यम से युद्धविराम की मांग की थी और पाकिस्तान ने शांति के हित में इस पर सहमति जताई। भारत पहले ही अमरीका के किसी भी हस्तक्षेप का खंडन कर चुका है और उसका कहना है कि सहमति दोनों पक्षों के बीच सीधी बातचीत में बनी थी।
पुलिस चौकी पर आत्मघाती हमले में 21 की मौत
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के लिए शनिवार खूनी साबित हुआ है। इस दिन उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान में एक पुलिस चौकी पर हुए विद्रोहियों के हमले में 21 पुलिस कर्मियों की मौत हो गई और दर्जनों घायल हो गए। बताया जा रहा है कि विद्रोहियों ने पहले पुलिस चौकी पर कार बम धमाका किया। इसके बाद उन्होंने जोरदार गोलीबारी की। इससे पुलिस कर्मियों को संभलने और जवाबी कार्रवाई का मौका ही नहीं मिला। हमले के बाद विद्रोही पुलिस कर्मियों के हथियारों को लूटने के बाद मौके से फरार हो गए। इस हमले की जिम्मेदारी हथियारबंद गुटों के एक गठबंधन ‘इत्तेहाद-उल-मुजाहिदीन पाकिस्तान’ ने ली है। यह हमला शनिवार देर रात खैबर पख्तूनख्वा के एक जिला बन्नू में किया गया। बन्नू अफगानिस्तान सीमा से जुड़ा हुआ पाकिस्तान का जिला है।






