
अमरीकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास व्हाइट हाउस के पास गोलीबारी की घटना हुई है। इसके चलते अधिकारियों को यहां कुछ समय के लिए लॉकडाउन लगाना पड़ा और सुरक्षा बढ़ा दी गई। अमरीकी सीक्रेट सर्विस ने पुष्टि की कि उसके कर्मियों ने 15वीं स्ट्रीट और इंडिपेंडेंस एवेन्यू पर कार्रवाई की, जहां एक हथियारबंद संदिग्ध को गोली मार दी गई। यह घटना वाशिंगटन स्मारक के पास ठीक उस समय हुई, जब अमरीका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस का काफिला वहां से गुजर रहा था। उस समय राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस में मौजूद थे और एक कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे थे।
सीक्रेट सर्विस ने बताया कि यह घटना एक हथियारबंद व्यक्ति और सीक्रेट सर्विस पुलिस के बीच हुई झड़प का नतीजा थी और उसके एक अधिकारी ने फायरिंग की थी। अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति सुरक्षित हैं और व्हाइट हाउस की सुरक्षा में किसी तरह की सेंध नहीं लगी है। घटनास्थल की जांच किए जाने के दौरान एजेंसियों आस-पास के इलाकों को अस्थायी रूप से सील कर दिया गया था।






