कुरुक्षेत्र में मुठभेड़: अवैध हथियारों से लैस आरोपी गिरफ्तार, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल

कुरुक्षेत्र, 26 अगस्त — हरियाणा में अपराधियों के खिलाफ सख्ती बरतते हुए कुरुक्षेत्र पुलिस ने एक बार फिर बड़ा एक्शन लिया है। लाडवा क्षेत्र में बुधवार को हुई एक मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध को काबू कर लिया, जिसके पास से अवैध हथियार और गोलियां बरामद की गईं। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लग गई।
मुठभेड़ की लोकेशन: लाडवा के पास गांव बकाली
घटना बुधवार सुबह उस समय हुई जब अपराध अन्वेषण शाखा-2 की टीम गश्त पर थी। टीम को सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध युवक अवैध असलहे के साथ बकाली से सम्भालखा रोड पर किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां एक युवक संदिग्ध स्थिति में घूमता नजर आया।

जब पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो युवक ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने संयमित ढंग से फायर किया, जिससे आरोपी के पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही धर लिया गया।
बरामद हुए हथियार:
-
2 देशी पिस्टल
-
4 जिंदा रौंद
-
3 खाली खोल
-
1 धातु का सिक्का
आरोपी की पहचान:
घायल आरोपी की पहचान हरविंद्र सिंह, निवासी मानसा (पंजाब) के रूप में हुई है। उसे प्राथमिक उपचार के लिए लाडवा के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
पुलिस का बयान:
अपराध अन्वेषण शाखा-2 के प्रभारी निरीक्षक मोहन लाल ने जानकारी दी कि आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि वह एक दिन पहले लाडवा में आपराधिक वारदात को अंजाम देने आया था, लेकिन पुलिस की सतर्कता से वह नाकाम रहा। इसके बाद वह अपने साथी अरमान (निवासी बकाली) के पास छिप गया था।
मामला दर्ज, जांच जारी
थाना लाडवा में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब उसके नेटवर्क और साथी आरोपियों की तलाश में जुटी है।
हरियाणा पुलिस की सख्ती का असर
कुरुक्षेत्र पुलिस की यह कार्रवाई प्रदेश में अपराध के खिलाफ चल रहे अभियान को और मजबूती देती है। लगातार सक्रियता और सतर्कता से पुलिस अपराधियों को यह संदेश दे रही है कि हरियाणा में अपराध की कोई जगह नहीं है।






