रोहतक में अवैध शराब फैक्ट्री पर छापा, नकली शराब बनाने का नेटवर्क उजागर

रोहतक
रोहतक शहर के इंद्र नगर स्थित प्लॉट में अवैध व नकली शराब बनाने का खुलासा किया गया। प्लाट में पानी का आरओ प्लांट चलाने की आड़ में नकली शराब की फैक्ट्री चल रही है। गुप्त सूचना पर शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस व आबकारी विभाग ने छापेमारी करते हुए मौके से नकली शराब बनाने का सामान जब्त किया। साथ ही फैक्ट्री चलाने वाले के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की। इंद्र नगर में प्लाट के अंदर 13 कमरे बने हुए थे, जिनमें पानी का आरओ प्लांट लगाने की आड़ में नकली शराब बनाई जा रही थी।
साथ ही एक मशीन द्वारा शराब की छोटी बोतले भी तैयार कर रहे थे। प्लाट के अंदर केमिकल के माध्यम से शराब में मिलावट करके बेचा जाता था, जिसके बारे में पता लगते ही पुलिस ने छापा मारा। वहीं, पुलिस की छापेमारी के दौरान कमरों से तीन प्लास्टिक टंकी, एक आरओ सिस्टम, 2725 पव्वा शराब, 27,600 होलमार्क, क्यूआर कोड की सीट जो कुल 1,22,400 क्यूआर कोड, केमिकल, चार हजार ढक्कन, 1800 अवैध शराब पैक करने के गत्ते, 9900 खाली पव्वे, खाली ड्रम, रैपर व अन्य सामान बरामद हुआ है। वहीं, इंद्र नगर में नकली, मिलावटी शराब बनाने व बिना लाईसैंस, परमीट के नकली स्टीकर लगाकर शराब बेचने, राजस्व विभाग को आर्थिक नुकसान पहुंचाने के आरोप में केस दर्ज किया गया। आबकारी विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर सामान को जब्त किया। शराब बनाने के लिए स्पिरिट कहां से आता है और नकली शराब कहां बेची जाती है, इसके बारे में पुलिस जांच कर रही है। शिवाजी कॉलोनी थाना एसएचओ राकेश सैनी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी करते हुए नकली शराब बनाने वाली फैक्ट्री को पकड़ा है। मौके से सामान बरामद किया गया है। यह प्लाट नवीन नाम के व्यक्ति ने किराए पर ले रखा है, जो आरओ प्लांट की आड़ में शराब की फैक्ट्री चला रहा था। पुलिस मामले में आरोपी की तलाश कर रही है।






