केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में उत्तरी क्षेत्रीय परिषद की 32वीं बैठक, राज्यों के बीच सहयोग पर जोर

Faridabad | Surajkund | 17 November 2025
फरीदाबाद के सूरजकुंड में सोमवार को केंद्रीय गृह मंत्री और उत्तरी क्षेत्रीय परिषद के चेयरमैन अमित शाह की अध्यक्षता में उत्तरी क्षेत्रीय परिषद की 32वीं बैठक आयोजित हुई। इसमें हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और चंडीगढ़ के मुख्यमंत्रियों, उपराज्यपालों और प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में हरियाणा के मुख्यमंत्री और परिषद के वाइस-चेयरमैन नायब सिंह सैनी ने आगमन पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित सभी गणमान्य अतिथियों का शॉल और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया।
राज्यों के बीच सहयोग ही ‘श्रेष्ठ भारत’ की नींव — नायब सैनी
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि देश की प्रगति के लिए राज्यों के बीच सतत सहयोग का माहौल जरूरी है।
उन्होंने कहा—अपने संसाधनों को साझा करके और सर्वोत्तम प्रक्रियाओं को अपनाकर ही ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की परिकल्पना साकार हो सकती है।”
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के Viksit Bharat @2047 लक्ष्य को हासिल करने के लिए हरियाणा तेजी से कदम बढ़ा रहा है।
एस.वाई.एल. पर फिर उठी आवाज — “हरियाणा को उसका हिस्सा मिले”
बैठक के प्रमुख एजेंडों पर चर्चा करते हुए सैनी ने स्पष्ट कहा कि सभी राज्यों के पानी का हिस्सा संबंधित राज्यों तक पहुँचना चाहिए।
उन्होंने कहा—
-
हरियाणा लगातार दिल्ली को उसके हिस्से से अधिक पानी दे रहा है।
-
लेकिन एसवाईएल (SYL) नहर न बनने के कारण हरियाणा को पंजाब से अपना पूरा हिस्सा नहीं मिलता।
-
यदि हरियाणा को पानी मिले, तो राजस्थान को भी उसका पूरा हिस्सा मिल पाएगा।
सैनी ने पंजाब से अपील की कि—जल विवाद पर पंजाब गुरुओं की महान परंपराओं को ध्यान में रखे। भाई कन्हैया जी ने युद्ध में प्यासे दुश्मनों को भी पानी पिलाया था—पानी न्याय का विषय है।”
पंजाब विश्वविद्यालय से हरियाणा कॉलेजों को जोड़ने का प्रस्ताव
नायब सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ में योगदान देना चाहती है।
यदि हरियाणा के कॉलेज संबद्ध होते हैं, तो—
-
विद्यार्थियों को गुणवत्ता शिक्षा मिलेगी
-
विश्वविद्यालय को भी लाभ होगा
बच्चों की सुरक्षा और तेज न्याय: नए आपराधिक कानूनों से मिली रफ्तार
मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा में नए आपराधिक कानून लागू होने से POCSO मामलों की सुनवाई तेजी से हो रही है।
स्वास्थ्य, बैंकिंग और कल्याण योजनाओं में तेजी
सैनी ने बताया—
-
आयुष्मान भारत योजना को राज्य की चिरायु योजना से जोड़कर हर नागरिक के लिए स्वास्थ्य सेवा सुनिश्चित की गई है।
-
हर छोटे गांव तक बैंकिंग सुविधा पहुँच चुकी है।
एक वर्ष में 47 चुनावी वादे पूरे
हरियाणा सरकार ने घोषणा की कि संकल्प पत्र के 217 वादों में से 47 वादे पहले ही वर्ष में पूरे किए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी ऐप’ का शुभारंभ भी हाल में किया गया है।






