पंजाब

अमृतसर में अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी और हवाला नेटवर्क का भंडाफोड़, अफगान नागरिक समेत चार गिरफ्तार

अमृतसर। पंजाब में अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार संचालित अवैध हथियार तस्करी और हवाला नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराष्ट्रीय मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक अफगान नागरिक सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से आठ अत्याधुनिक पिस्तौल और सात कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने सोमवार को बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे एक तस्कर के संपर्क में थे, जो गुप्त ड्रॉप लोकेशनों के माध्यम से अवैध हथियारों की खेप भारत भेजता था। आरोपियों पर इन हथियारों को प्राप्त कर विभिन्न आपराधिक तत्वों तक पहुंचाने और आगे वितरण करने का आरोप है।

जांच एजेंसियों का मानना है कि यह नेटवर्क न केवल हथियारों की तस्करी बल्कि हवाला कारोबार से भी जुड़ा हुआ है। पुलिस अब इस पूरे मॉड्यूल के वित्तीय और आपराधिक नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। इस संबंध में अमृतसर के थाना इस्लामाबाद और थाना गेट हकीमा में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों के विदेशी नेटवर्क, अन्य सहयोगियों तथा हथियारों की आपूर्ति श्रृंखला के पीछे मौजूद लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि अब तक इस नेटवर्क के माध्यम से कितने हथियार पंजाब और अन्य क्षेत्रों में पहुंचाये गये तथा किन-किन आपराधिक गिरोहों से इसके संबंध रहे हैं। जांच के दौरान और गिरफ्तारियों तथा अतिरिक्त बरामदगी की संभावना से भी इनकार नहीं किया गया है।

पंजाब पुलिस ने कहा है कि राज्य में अवैध हथियार तस्करी, हवाला कारोबार और संगठित अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि ऐसे नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने और कानून-व्यवस्था बनाये रखने के लिए कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button