पंजाब

APP से BJP में गए संदीप पाठक पर लटकी गिरफ्तारी की तलवार, दो गैर-जमानती FIR दर्ज

चंडीगढ़। पंजाब पुलिस ने हाल ही में आम आदमी पार्टी (AAP), भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हुए राज्यसभा सांसद संदीप पाठक के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। सूत्रों के अनुसार, पंजाब के दो अलग-अलग जिलों में दो प्राथमिकी दर्ज की गयी हैं, हालांकि दोनों जिलों के नाम अभी तक आधिकारिक रूप से सार्वजनिक नहीं किये गये हैं। सूत्रों का कहना है कि उन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जा सकता है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पंजाब पुलिस दिल्ली स्थित उनके घर पहुंच गई है और कभी भी उनकी गिरफ्तारी हो सकती है। पंजाब पुलिस या सरकारी प्रवक्ता की तरफ से इसको लेकर अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं आयी है। संदीप पाठक से पहले आप सरकार प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड के जरिए पार्टी छोड़ने वाले दूसरे सांसद राजिंदर गुप्ता की ट्राइडेंट फैक्ट्री में भी छापे करा चुकी है। डॉ. पाठक 25 अप्रैल को सर्वश्री राघव चड्डा और अशोक मित्तल के साथ भाजपा में शामिल हुए थे। इसके अलावा श्री चड्ढा और हरभजन सिंह भज्जी की सुरक्षा भी आप सरकार छीन चुकी है।

उल्लेखनीय है कि हाल ही में संदीप पाठक और श्री चड्ढा और सात अन्य राज्यसभा सांसदों के साथ पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे। इन सभी सांसदों के समूह ने भाजपा के साथ विलय कर लिया था। इसके बाद, शुक्रवार को भगवंत मान सरकार ने पंजाब विधानसभा में विश्वास प्रस्ताव पेश किया और उसे पारित कराने में सफलता हासिल की। पंजाब भाजपा के उपाध्यक्ष अश्विनी शर्मा ने श्री पाठक पर प्राथमिकी दर्ज करने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “पंजाब में अब कानून नहीं, बल्कि राजनीतिक बदले की राजनीति चल रही है। भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल का डर अब सामने आ गया है।”

श्री शर्मा ने कहा, “ राज्यसभा सांसद संदीप पाठक ने जैसे ही आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा का दामन थामा, उसके तुरंत बाद उनके खिलाफ पंजाब में गैर-जमानती प्राथमिकी दर्ज होना साफ दिखाता है कि श्री केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान पुलिस का इस्तेमाल राजनीतिक हथियार के रूप में कर रहे हैं। यह केवल एक मामला नहीं, बल्कि डर, घबराहट और बदले की राजनीति का उदाहरण है। पहले भी विरोधी आवाजों को दबाने के लिए पुलिस का इस्तेमाल किया गया और आज फिर वही दोहराया जा रहा है। गैर-जमानती धाराएं लगाना और तुरंत कार्रवाई की धमकी देना, कानून की आड़ में राजनीतिक एजेंडा लागू करने की शर्मनाक हरकत है। भगवंत मान की सरकार पंजाब को धीरे-धीरे पुलिस राज्य में बदल रही है, जहां असहमति का मतलब मुकदमा और सच बोलने की सजा है। भाजपा पंजाब में इस धक्केशाही और तानाशाही को बर्दाश्त नहीं करेगी। कानून को विरोधियों के खिलाफ हथियार बनाने वालों का कानूनी और लोकतांत्रिक तरीके से मुकाबला किया जाएगा। न डरेंगे, न झुकेंगे। ”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button