Trending Newsआज की ख़बरहरियाणा

राहुल गांधी को अब हर चीज़ में खोट नजर आ रहा, ये डिप्रेशन की निशानी है-अनिल विज

चंडीगढ़, 28 जुलाई 2025 – हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि “राहुल गांधी को अब हर चीज़ में खोट नजर आने लगा है, जो कि डिप्रेशन की निशानी है।” विज ने यह बयान मीडिया से बातचीत के दौरान उस समय दिया जब उनसे राहुल गांधी द्वारा बीते 10 वर्षों में हुई विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ी संबंधी बयान पर सवाल पूछा गया।

 

अनिल विज ने कांग्रेस की कार्यशैली पर भी करारा प्रहार करते हुए कहा कि “कांग्रेस में आज कोई किसी की लीडरशिप नहीं मान रहा, यही वजह है कि हरियाणा विधानसभा गठित हुए 9 महीने हो चुके हैं, लेकिन विपक्ष का नेता अब तक तय नहीं हो सका। राहुल गांधी खुद चंडीगढ़ आए, फिर भी कांग्रेस नेता किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पाए।”

 

उन्होंने कहा कि हरियाणा में हाल ही में पारदर्शिता के साथ सीईटी की परीक्षा करवाई गई, जिसमें करीब 13 लाख उम्मीदवारों ने भाग लिया। सभी परीक्षार्थियों के लिए समुचित व्यवस्थाएं की गईं, उन्हें परीक्षा केंद्र तक पहुँचाने का भी इंतज़ाम किया गया। विज ने कहा कि “कांग्रेस के समय में परीक्षाएं पारदर्शी नहीं होती थीं, तब नौकरी के लिए पर्ची और खर्ची चलती थी, जबकि भाजपा राज में मेरिट और पारदर्शिता का बोलबाला है।”

 

खड़गे के बयान पर भी किया पलटवार

जब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के इस बयान पर सवाल पूछा गया कि उन्हें अब तक राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे की वजह नहीं पता, तो विज ने तंज कसते हुए कहा, “कांग्रेस में कब किसने इस्तीफा दिया, किसे मंत्री या प्रधान बनाया या हटाया, हमने कभी नहीं पूछा। धनखड़ जी ने स्वास्थ्य कारणों से इस्तीफा दिया है और वही कारण सही है।”

 

नेतृत्व संकट से जूझ रही कांग्रेस – विज

विज ने कहा कि कांग्रेस आज गहरे नेतृत्व संकट से गुजर रही है। पार्टी के भीतर कोई किसी की बात मानने को तैयार नहीं है, और यही कारण है कि 9 महीने बीत जाने के बावजूद विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तक तय नहीं किया जा सका।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button