कुरुक्षेत्र में महिला से पर्स छीनने वाले गिरोह का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार

कुरुक्षेत्र, 29 जुलाई 2025 – कुरुक्षेत्र पुलिस की अपराध अन्वेषण शाखा-2 को बड़ी सफलता हाथ लगी है। महिला से पर्स छीनने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। ये आरोपी पहले भी छीना-झपटी जैसी घटनाओं में शामिल रह चुके हैं।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान करण और रोहित, निवासी बुढेडा खालसा, जिला करनाल तथा विशाल, निवासी भौर सैयदा, जिला कुरुक्षेत्र के रूप में हुई है। तीनों आरोपियों ने मिलकर कुरुक्षेत्र के नया बाजार में दिनदहाड़े एक महिला से पर्स छीना और मौके से फरार हो गए थे।

महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जब वह हनुमान मंदिर के पास से गुजर रही थी, तभी बाइक सवार युवकों ने झपट्टा मारकर उसका पर्स छीन लिया। पर्स में मोबाइल, नकदी और जरूरी कागजात थे। घटना की शिकायत थाना कृष्णा गेट में दर्ज की गई, जिसके बाद मामला अपराध अन्वेषण शाखा-2 को सौंपा गया।
टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पहचान कर उन्हें धर दबोचा। अपराध अन्वेषण शाखा-2 के प्रभारी निरीक्षक मोहन लाल ने बताया कि करण और रोहित पहले भी कई बार चोरी और छीनाझपटी के मामलों में गिरफ्तार हो चुके हैं। 18 जून 2025 को इन्होंने झांसा क्षेत्र की एक महिला से भी सेक्टर-17 फूड मार्केट के पास पर्स छीना था, जिसमें उन्हें अपराध अन्वेषण शाखा-1 ने 19 जून को गिरफ्तार किया था।






