Elvish Yadav Firing Case: एक और शूटर गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद

Elvish Yadav Firing Case: यूट्यूबर और बिग बॉस ओटीटी विनर एल्विश यादव के घर पर हुई फायरिंग मामले में पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। हरियाणा पुलिस ने दूसरे आरोपी जतिन को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने इस पूरी घटना की साजिश रची और फायरिंग में मदद की थी। यही नहीं, पुलिस ने फायरिंग के वक्त इस्तेमाल की गई बाइक को भी बरामद कर लिया है।
जतिन गिरफ्तार: गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड से दबोचा गया
गिरफ्तार किए गए आरोपी का नाम जतिन (उम्र 24) है, जो फरीदाबाद की पर्वतीय कॉलोनी का रहने वाला है। उसे शनिवार को हनुमान मंदिर, गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड के पास से गिरफ्तार किया गया। फरीदाबाद पुलिस की विशेष टीम लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी।
पुलिस पूछताछ में खुलासा: रेपिडो बाइक राइडर था जतिन
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जतिन ने पूछताछ में माना कि वो पिछले दो महीने से गुरुग्राम में रेपिडो बाइक राइडर के तौर पर काम कर रहा था। उसने खुद फायरिंग करने आए शूटरों को बाइक उपलब्ध कराई थी और उसे इस हमले की पूरी प्लानिंग की जानकारी थी।
क्या है पूरा मामला?
19 अगस्त को यूट्यूबर Elvish Yadav के गुरुग्राम स्थित घर पर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग की थी। घटना के वक्त एल्विश घर पर मौजूद नहीं थे, लेकिन गोलीबारी से उनके परिवार और पड़ोसियों में दहशत फैल गई थी।
सीसीटीवी फुटेज और टेक्निकल सर्विलांस के जरिए पुलिस लगातार इस मामले की जांच में जुटी हुई थी।
पुलिस का बयान
“हमने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी हमारे कब्जे में है। अन्य लोगों की तलाश जारी है और जल्द ही पूरे गैंग को पकड़ लिया जाएगा।“
— फरीदाबाद क्राइम ब्रांच अधिकारी






