मोहाली में बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, सोहाना पुलिस की कार्रवाई, 17 मोटरसाइकिल जब्त, तीन गिरफ्तार

मोहाली
थाना सोहाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 17 चोरीशुदा मोटरसाइकिल भी बरामद की हैं। वहीं, एसएसपी मनिंदर सिंहके दिशा निर्देशों के बाद पुलिस टीम की निगरानी में यह कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार थाना सोहाना के एसएचओ इंस्पेक्टर सिमरजीत सिंह की अगुआई में एएसआई नरिंदर सिंह व पुलिस टीम ने 26 जून की रात सेक्टर-78, 79 में नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान तीन संदिग्ध व्यक्ति अजय उर्फ शिबू, गगनदीप सिंह और गुरप्रीत सिंह सभी निवासी गांव सोहाना एक चोरी की मोटरसाइकिल समेत पकड़े गए।
वहीं, पुलिस ने थाना सोहाना में मुकदमा नंबर 184, दिनांक 27 जून धारा 303, 2 और 317, 2 के तहत केस दर्ज किया। माननीय अदालत से दो दिन का पुलिस रिमांड मिलने के बाद आरोपियों की निशानदेही पर अलग-अलग जगहों से कुल 17 चोरीशुदा मोटरसाइकिल बरामद की गईं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की आगे जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। जल्द ही और बरामदगी की संभावना है।






