साउथ कोरिया का विजयी आगाज़, ह्वांग इनबोम ने दागा विजयी गोल, 2-1 से हराया चेक गणराज्य

फीफा वल्र्ड कप 2026 में एक समय ऐसा लग रहा था कि साउथ कोरिया को अपने ही बनाए मौकों की कीमत चुकानी पड़ सकती है। टीम लगातार हमले कर रही थी, मौके बना रही थी, लेकिन गोल नहीं आ रहा था। फिर दूसरे हाफ में चेक गणराज्य ने बढ़त लेकर साउथ कोरिया को और मुश्किल में डाल दिया। हालांकि, ह्वांग इनबोम ने पहले बराबरी करवाई और फिर उनकी मदद से ओह ह्योनग्यू ने गोल दागकर साउथ कोरिया को फीफा वल्र्ड कप में जीत के साथ शुरुआत दिला दी। ह्वांग इनबोम को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। ग्वाडलहारा स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में साउथ कोरिया ने पहले हाफ से ही अपना दबदबा बनाए रखा। टीम ने कई बार चेक गणराज्य के डिफेंस को परेशान किया, लेकिन गोलकीपर माटेज कोवार को मात नहीं दे सकी। कोवार ने 14वें मिनट में ली कांगिन के तेज बाएं पैर से लगाए गए शॉट को शानदार तरीके से रोक दिया। 56वें मिनट के आसपास सोन को फिर मौका मिला, लेकिन फिर कोवार ने उनका प्रयास नाकाम कर दिया।
इसके बाद 59वें मिनट में मैच का रुख अचानक बदल गया। चेक गणराज्य ने खेल के प्रवाह के खिलाफ बढ़त हासिल की। कप्तान लादिस्लाव क्रेजी ने व्लादिमीर कूफल के लंबे थ्रो पर शानदार हेडर लगाकर गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचा दिया। हालांकि, साउथ कोरिया ने हार नहीं मानी। सिर्फ आठ मिनट बाद ह्वांग इनबोम ने शानदार अंदाज में बराबरी की। ली कांगिन के बेहतरीन पास को हासिल करने के बाद ह्वांग ने अंदर की ओर कट किया और गेंद को खूबसूरती से गोलकीपर के ऊपर से निकाल दिया। इसके बाद 80वें मिनट में ह्वांग फिर अहम साबित हुए। उनके दाएं ओर से दिए गए लो क्रॉस पर ओह ह्योनग्यू ने गोल कर कोरिया को 2-1 की बढ़त दिला दी। अंतिम मिनटों में चेक गणराज्य ने बराबरी के लिए पूरा जोर लगाया, लेकिन साउथ कोरिया की रक्षा पंक्ति को नहीं भेद पाया। 82वें मिनट में एडम ह्लोजेक के शॉट पर किम सेउंगग्यू ने शानदार बचाव कर चेक गणराज्य की आखिरी बड़ी उम्मीद भी खत्म कर दी।






