चार्जिंग के बाद खड़ी इलेक्ट्रिक स्कूटी में लगी आग, स्पोर्ट्स बाइक भी जली

करनाल। हरियाणा के करनाल जिले के घरौंडा स्थित कोटिया कॉलोनी में घर में खड़ी इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि पास खड़ी स्पोर्ट्स बाइक भी इसकी चपेट में आ गई। घटना के दौरान पूरे घर में धुआं भर गया, जिससे परिवार के सदस्यों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। समय रहते सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
स्कूटी मालिक शिव कुमार पंडित ने बताया कि उन्होंने 2023-24 में करीब 60 हजार रुपये में इलेक्ट्रिक स्कूटी खरीदी थी। पिछले वर्ष बैटरी खराब होने पर 22 हजार रुपये खर्च कर नई बैटरी लगवाई गई थी। बीती रात स्कूटी को चार्ज करने के बाद चार्जर हटा दिया गया था। आधी रात को धुआं महसूस होने पर जब वह नीचे पहुंचे तो स्कूटी में आग लगी हुई थी। आग बुझाने का प्रयास करते समय बैटरी में धमाका हुआ, जिससे उनका हाथ भी झुलस गया।




