आर्थिक

Renault ने पेश किया Duster का एडवेंचर एडिशन

नई दिल्ली। रेनो समूह की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी रेनो इंडिया ने अपने एसयूवी डस्टर का एडवेंचर एडिशन बाजार में उतारा है। कंपनी ने मंगलवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि इस विशेष संस्करण की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 12.99 लाख रुपए से शुरू है। ‘एडवेंचर’ से प्रेरित यह विशेष संस्करण उस जज़्बे का उत्सव है, जिसने डस्टर को भारतीय ग्राहकों के लिए एक अलग पहचान दी।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि वर्षों से डस्टर ने एक मजबूत पहचान बनायी। यही कारण है कि ‘एडवेंचर’ डस्टर की विरासत का स्वाभाविक प्रतीक बन गया है। इस विशेष संस्करण का अनावरण भारत में फ्रांस के राजदूत थियरी मैथू और रेनो ग्रुप इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्टीफन डेब्लेज़ ने बैस्टिल डे के अवसर पर किया।

डेब्लेज ने कहा, “प्रतिष्ठित वाहन केवल अपने प्रदर्शन के कारण याद नहीं रखे जाते, बल्कि इसलिए भी कि वे लोगों के जीवन में एक विशेष स्थान बना लेते हैं। डस्टर ऐसे ही चुनिंदा वाहनों में शामिल है। वर्षों के दौरान यह भारत भर के ग्राहकों की अनगिनत यात्राओं और यादगार पलों का हिस्सा बनी। एडवेंचर एडिशन डस्टर के प्रति लोगों के इसी अटूट जुड़ाव का उत्सव है।”

एडवेंचर एडिशन तीन इंजन विकल्पों – टर्बो टीसीई 100 एमटी, टर्बो टीसीई 160 एमटी और टर्बो टीसीई 160 डीसीटी – में उपलब्ध है। इनकी एक्स-शोरूम कीमत क्रमशः 12.99 लाख रुपए, 13.99 लाख रुपए और 15.39 लाख रुपए है। इस विशेष संस्करण में कई खास एक्सटीरियर फीचर दिये गये हैं। इसमें बाहरी सतह पर लेह की स्थलाकृतियों और अक्षांश एवं देशांतर (34.27 डिग्री उत्तर, 77.60 डिग्री पूर्व) शामिल हैं। इसके अलावा इसमें विशेष एडवेंचर एम्बेलिशर्स और प्रीमियम एडवेंचर फ्लोर मैट्स भी दिये गये हैं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button