भारत और इथियोपिया में बढ़ेगी साझेदारी, ब्रिक्स एनएसए बैठक में डोभाल की वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात

नई दिल्ली
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल और इथियोपिया के वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी ने ब्रिक्स एनएसए बैठक में दोनों देशों की साझेदारी को और मजबूत बनाने के उपायों पर विचार-विमर्श किया।विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजित डोभाल ने सोमवार को 16वीं ब्रिक्स राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों (एनएसए) की बैठक के दौरान इथियोपिया की राष्ट्रीय खुफिया और सुरक्षा सेवा (एनआईएसएस) के विश्लेषण विभाग के कार्यकारी निदेशक मिलियन लेमा टैडेसे से मुलाकात की।
दोनों पक्षों ने भारत-इथियोपिया रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत तथा गहरा बनाने के लिए सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों पर चर्चा की। भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल की अध्यक्षता में हो रही इस बैठक में चीन के विदेश मंत्री वांग यी, रूस की सुरक्षा परिषद के सचिव सर्गेई शोइगु और ईरान के सुरक्षा प्रतिनिधि नेजामी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी हिस्सा ले रहे हैं।






