पिंजौर में तेंदुए का बच्चा मिलने से हड़कंप, कुत्तों के झुंड से बचाकर वन विभाग ने किया रेस्क्यू
पंचकूला, पिंजौर | 16 जुलाई 2025 : पंचकूला जिले के पिंजौर क्षेत्र में मंगलवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई जब शिवलोत्री मंदिर के पास नदी किनारे एक तेंदुए का बच्चा दिखाई दिया। स्थानीय लोगों ने देखा कि कुत्तों का झुंड उस मासूम जंगली जीव के पीछे पड़ा हुआ था।
हालांकि, कुछ साहसी नागरिकों ने तत्काल सूझबूझ दिखाते हुए नन्हे तेंदुए को कुत्तों से बचाया और उसे सुरक्षित रूप से पिंजौर गार्डन ले आए।
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग हरकत में आ गया। वन्यजीव विभाग के इंस्पेक्टर सुरजीत के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर तेंदुए के बच्चे को सुरक्षित कब्जे में लिया।
बच्चा अपनी मां से भटका हो सकता है
वन विभाग का मानना है कि यह बच्चा संभवतः अपनी मां और एक अन्य शावक के साथ पानी पीने आया था, लेकिन भटक कर कुत्तों के घेरे में आ गया। अधिकारियों के मुताबिक मादा तेंदुए अक्सर दो बच्चों को जन्म देती हैं, इसलिए संभावना है कि एक और शावक आसपास मौजूद हो।
इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू
वन विभाग की टीम अब शिवलोत्री मंदिर और उसके आसपास के जंगलों में सघन सर्च अभियान चला रही है। वन अधिकारी यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि दूसरा बच्चा भी सुरक्षित हो और किसी प्रकार का खतरा न बने।






