सेंट्रल यूनिवर्सिटी में इसी सत्र से कानून की पढ़ाई

केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला में अब बीकॉम व बीए एलएलबी करने की सुविधा मिलेगी। इसी शैक्षणिक सत्र से कानून की पढ़ाई करने वाले छात्रों को पांच वर्षीय डिग्री कार्यक्रम में अध्ययन करने का मौका मिल पाएगा। बार काउंसिल ऑफ इंडिया बीसीआई की केंद्रीय टीम की ओर से इसी माह जून में केंद्रीय विवि धर्मशाला का निरीक्षण किया जाएगा। इसके बाद फाइनल अप्रूवल मिलने पर 60-60 सीटों सहित धर्मशाला में ही पांच वर्षिय एकीकृत डिग्री प्रोग्राम शुरू किए जाएंगे। इसमें छात्रों को बीकॉम व बीए के साथ ही बैचलर ऑफ लॉ की डिग्री साथ में मिलेगी। केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला सीयूएचपी में अब प्रदेश व देश भर के छात्रों को कानून की पढ़ाई का अवसर भी मिल पाएगा।
लंबे इंतजार के बाद बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने विश्वविद्यालय को कानून की कक्षाएं शुरू करने के लिए हरी झंडी दे दी है। इसके साथ ही इसी शैक्षणिक सत्र 2026-27 यानी जुलाई से विश्वविद्यालय के धर्मशाला परिसर में विधि की पढ़ाई का शंखनाद हो जाएगा। केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला के रजिस्ट्रार नरेंद्र कुमार सांख्यान ने बताया कि इसी शैक्षणिक सत्र में बीकॉम व बीए एलएलबी की पढ़ाई शुरू कर दी जाएगी। बार काउंसिल ऑफ इंडिया की टीम इसी माह निरीक्षण के लिए आएगी।
प्राक् शास्त्री प्रथम वर्ष में प्रवेश की तिथि बढ़ी
शिमला। संस्कृत शिक्षा प्राप्त करने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। हिमाचल प्रदेश उच्च शिक्षा निदेशालय ने प्राक शास्त्री प्रथम वर्ष में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब विद्यार्थी 30 जून तक बिना किसी लेट फीस के प्रवेश ले सकेंगे। उच्च शिक्षा निदेशक डा. हरीश कुमार द्वारा जारी आदेशों के अनुसार यह निर्णय 29 अप्रैल को जारी पूर्व अधिसूचना के क्रम में लिया गया है। निदेशालय ने प्रदेश के सभी सरकारी एवं निजी संस्कृत कालेजों के प्रधानाचार्यों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं।






