हरियाणा राजभवन में हरियाली तीज का भव्य उत्सव, लोकसंस्कृति और रंगारंग प्रस्तुतियों से महका माहौल

चंडीगढ़, 27 जुलाई 2025 — हरियाणा की पारंपरिक विरासत और लोकसंस्कृति को जीवंत करते हुए हरियाली तीज पर्व का भव्य आयोजन आज हरियाणा राजभवन में पारंपरिक उल्लास और सांस्कृतिक गरिमा के साथ किया गया। इस खास मौके पर हरियाणा के राज्यपाल प्रो. अशीम कुमार घोष और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और हरियाणा राज्य गीत की प्रस्तुति से हुई। इसके बाद हरियाणवी गीत “सावन की रुत आई” और पंजाबी लुड़ी जैसे लोकनृत्यों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

हरियाणा राजभवन परिसर को सजाया गया पारंपरिक झूलों, मेंहदी, चूड़ियों और रोशनी से, जहां महिलाएं पारंपरिक परिधानों में तीज का उल्लास मनाती दिखीं। पारंपरिक हरियाणवी व्यंजनों ने कार्यक्रम में स्वाद का भी तड़का लगाया।
राज्यपाल ने कलाकारों के उत्कृष्ट प्रदर्शन से प्रभावित होकर कला एवं संस्कृति विभाग और सांस्कृतिक दलों को ₹4 लाख की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।
इस अवसर पर राज्यपाल की धर्मपत्नी श्रीमती मित्रा घोष, हरियाणा मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती सुमन सैनी, मंत्री श्रुति चौधरी, व अन्य वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य अतिथि भी उपस्थित रहे।






