Actor Dharmendra Passes Away at 89: बॉलीवुड के ही-मैन का निधन, मुंबई में जुटा पूरा फिल्म जगत

Actor Dharmendra Passes Away at 89: बॉलीवुड के दिग्गज और लीजेंड्री अभिनेता धर्मेंद्र का सोमवार सुबह 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। लंबे समय से बीमारी से जूझ रहे धर्मेंद्र ने मुंबई के जुहू स्थित अपने घर में अंतिम सांस ली। उनके निधन की पुष्टि न्यूज एजेंसी IANS ने की।
इस खबर के बाद पूरे फिल्म जगत और उनके करोड़ों फैंस में शोक की लहर दौड़ गई। उनके अंतिम दर्शन के लिए बेटी ईशा देओल, बेटे सनी देओल, बॉबी देओल सहित पूरा परिवार घर पर मौजूद है।
करण जौहर और बॉलीवुड की प्रतिक्रियाएँ
फिल्म निर्माता करण जौहर ने इंस्टाग्राम पर लिखा:
“यह एक युग का अंत है… एक बहुत बड़ा मेगा स्टार… वह इंडियन सिनेमा के असली लेजेंड हैं और हमेशा रहेंगे। वे सिनेमा के इतिहास में हमेशा अमर रहेंगे।”
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा:
“धर्मेंद्र सिर्फ अच्छे अभिनेता ही नहीं, बल्कि अच्छे और सीधे-सादे इंसान थे। देश और किसानों के लिए उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। उनके जाने से फिल्म इंडस्ट्री को बड़ा नुकसान हुआ। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।”
करीबी हस्तियों की मौजूदगी
इस दुखद घड़ी में बॉलीवुड के कई बड़े सितारे जैसे अमिताभ बच्चन, आमिर खान और कई अन्य कलाकार धर्मेंद्र के घर और श्मशान घाट पहुंचे। सुरक्षा व्यवस्था को भी कड़ा कर दिया गया है ताकि परिवार की प्राइवेसी बनी रहे।
अस्पताल से हुए थे डिस्चार्ज
परिवार के अनुसार, 12 नवंबर को तबीयत बिगड़ने पर उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में परिवार की इच्छा पर उन्हें घर पर इलाज के लिए डिस्चार्ज कर दिया गया। आज उन्होंने घर पर अंतिम सांस ली।
60 वर्षों का शानदार करियर
धर्मेंद्र ने अपने 6 दशक से अधिक के करियर में बॉलीवुड को कई यादगार फिल्में दीं, जिनमें शोले, चुपके चुपके, धरम वीर, सीता और गीता जैसी सुपरहिट फिल्में शामिल हैं। उनके रोमांटिक और एक्शन किरदारों ने उन्हें ही-मैन ऑफ बॉलीवुड बना दिया।
आज ही रिलीज हुआ ‘इक्कीस’ का पोस्टर
धर्मेंद्र की अपकमिंग मूवी ‘इक्कीस’ का मोशन पोस्टर आज ही रिलीज हुआ, जिसमें उनका वॉइस नोट भी शामिल है। फैंस उनकी आवाज सुनकर भावुक हो गए और सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि देने का सिलसिला जारी है।






