Wing Commander Namansh Syal का पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार, पिता बोले – “देश ने बेहतरीन पायलट खो दिया”

Wing Commander Namansh Syal : दुबई एयर शो 2025 में हुए तेजस लड़ाकू विमान दुर्घटना में शहीद हुए भारतीय वायुसेना (IAF) के पायलट विंग कमांडर नमांश स्याल का पार्थिव शरीर रविवार को उनके पैतृक गांव पटियालकर (योल, कांगड़ा) लाया गया, जहां उनका पूर्ण सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। 34 वर्षीय शहीद पायलट को अंतिम विदाई देने के लिए हजारों लोगों की भीड़ उमड़ी
“देश ने अपना सर्वश्रेष्ठ पायलट खो दिया” – पिता जगन नाथ स्याल
अंतिम यात्रा के दौरान विंग कमांडर नमांश स्याल के पिता जगन नाथ स्याल, जो खुद एक्स-सर्विसमैन हैं, ने भावुक होकर कहा-देश ने एक बेहतरीन पायलट खो दिया और मैंने अपना जवान बेटा। उसने अपने जीवन में कभी भी किसी चुनौती से पीछे हटना नहीं सीखा। जिस भी प्रतियोगिता में हिस्सा लिया, उसे अव्वल दर्जे से पूरा किया।
उन्होंने कहा कि भारत सरकार और दुबई सरकार दोनों स्तर पर हादसे की जांच कर रही हैं।
वायुसेना का बयान – “शहीद के परिवार के साथ हमेशा खड़े रहेंगे”
IAF के वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि राष्ट्र विंग कमांडर नमांश स्याल के सर्वोच्च बलिदान को कभी नहीं भूल पाएगा। वायुसेना की ओर से जारी बयान में कहा गया-हम इस कठिन घड़ी में शहीद के परिवार के साथ हैं।देश की सुरक्षा में लगे हर वीर के परिवार की देखभाल हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
पत्नी भी हैं IAF ऑफिसर, पीछे छोड़ी 5 वर्षीय बेटी
शहीद नमांश स्याल की पत्नी अफसान भी भारतीय वायुसेना में अफसर हैं। उनकी 5 साल की बेटी है। उनकी मां बीना देवी हादसे के समय हैदराबाद में बेटे से मिलने गई थीं।
कैसे हुआ हादसा – कम ऊंचाई पर तेजस का नियंत्रण खोया
दुर्घटना दुबई के अल मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुई। -हवाई शो के दौरान HAL द्वारा डिजाइन किए गए एलसीए तेजस ने कम ऊंचाई पर नियंत्रण खो दिया। विमान जमीन से टकराया और तुरंत आग की लपटों में घिर गया। IAF ने कहा है कि हादसे की गहन जांच के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी बैठा दी गई है।






